
कुमाऊं परिक्षेत्र में आईजी रिद्धिम अग्रवाल के निर्देश पर नशे के सौदागरों पर सख्त कार्रवाई

पहाड़ का सच नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड के विज़न को साकार करने की दिशा में पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन में पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध लगातार सघन अभियान संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में स्पेशल ऑपरेशन टास्क फोर्स (SOTF) कुमाऊं परिक्षेत्र एवं औषधि नियंत्रक विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार की देर रात्रि कोतवाली बनभूलपुरा, जनपद नैनीताल क्षेत्र में बड़ी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद की। इस दौरान हल्द्वानी, बनभूलपुरा स्थित श्री श्याम मेडिकल स्टोर से संचालक हिमांशु वार्ष्णेय पुत्र उपकर वार्ष्णेय निवासी पर्वतीय मोहल्ला, रामपुर रोड, हल्द्वानी के कब्जे से अवैध नशीली दवाइयों में 20 Buprenorphine IP इंजेक्शन, 113 Tramadol कैप्सूल, 360 Alprazolam टैबलेट शामिल हैं।

उक्त प्रकरण में ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा ड्रग एक्ट के नियम 65 के उल्लंघन के अंतर्गत कार्यवाही करते हुए संबंधित मेडिकल स्टोर को सीज कर दिया गया है। इस कार्रवाई के पश्चात स्थानीय जनता द्वारा कुमायू पुलिस एवं संबंधित विभाग की सराहना की गई तथा नशे के विरुद्ध एक सशक्त एवं सराहनीय पहल बताया गया।
पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जनपदों में नशे के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा इस प्रकार के अवैध कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
