
पहाड़ का सच/एजेंसी।
नई दिल्ली। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर वोटिंग शाम 6 बजे खत्म हो गई। शाम 5 बजे तक 57.78 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ है। दिल्ली के विधानसभा चुनाव में कई पोलिंग एजेंसियों ने एग्जिट पोल्स जारी कर दिए हैं। इनमें से अब तक जिन सात एग्जिट पोल्स का एलान हुआ है, उन सभी में भाजपा को बहुमत मिलता दिख रहा है।
मैट्रिज के एग्जिट पोल के मुताबिक , आप को 32-37 सीटें मिल सकती हैं। वहीं भाजपा को 35-40 सीट मिल सकती हैं। उधर कांग्रेस को 0-1 सीट मिलने की संभावना जताई गई है।
जेवीसी के एग्जिट पोल के मुताबिक,आप को 22 से 31 सीटें मिलती दिखाई गई हैं। भाजपा को 39-45 सीटें और कांग्रेस को 0-2 सीटें मिल सकती हैं। यानी भाजपा अपने दम पर बहुमत हासिल कर सकती है।
चाणक्य के एग्जिट पोल के मुताबिक, भाजपा को 39 से 44 सीटें मिल सकती हैं। यानी भाजपा खुद बहुमत हासिल कर सकती है। वहीं आप को 25-28 सीटें मिलने की संभावना है। कांग्रेस को 2-3 सीटें मिलने की संभावना है।
पी–मार्क पोलिंग एजेंसी के आंकड़ों की मानें तो भाजपा आसानी से बहुमत के आंकड़े को पार कर सकती है। पार्टी यहां 39-49 सीटें पा सकती है। दूसरी तरफ आप को 21 से 31 सीटें मिलती दिख रही हैं। कांग्रेस को इसमें 0-1 सीट मिल सकती है।
वी-प्रीसाइड, पहला एग्जिट पोल है, जिसमें आम आदमी पार्टी की सरकार बचती दिख रही है। वी प्रीसाइड ने आप को 46-52 सीटें दी हैं। वहीं, भाजपा को 18-23 सीट जीतते दिखाया है। इस एग्जिट पोल में भी कांग्रेस को 0-1 सीट मिलने की संभावना जताई गई।
इसके अलावा माइंड ब्रिक ने आप को 44-49 सीट के अनुमान के साथ सरकार बचाते दिखाया है। भाजपा को 21-25 सीट और कांग्रेस को 0-1 सीट का अनुमान लगाया गया है।
डीवी रिसर्च* ने भाजपा के 36-44 सीट जीतकर सरकार में आने की संभावना जताई है। इस एग्जिट पोल में आप को 26-34 सीटें मिलती दिखाई गई हैं। वहीं कांग्रेस का खाता नहीं खुलने का अनुमान है।
एसएस* के एग्जिट पोल में भाजपा 38-41 सीटों का अनुमान लगाया गया है। इसमें आप को 27-30 सीटें और कांग्रेस को 1-3 सीटें मिलती दिखाई गई हैं।
भाजपा की सरकार पूर्ण बहुमत से बन रही: हर्ष मल्होत्रा
एग्जिट पोल पर केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा, “भाजपा पिछले 5 साल से लगातार AAP का भ्रष्टाचार जनता के बीच में लेकर जा रही थी। जनता को यह समझ आया कि AAP ने दिल्ली की जनता को ठगा है। अब ऐसा लगता है कि भाजपा की सरकार पूर्ण बहुमत के साथ बनने जा रही है।”
