
– संगठन को एक माला में पिरोने में सफल हो रहे हैं पीसीसी अध्यक्ष गणेश गोदियाल
– हस्ताक्षर अभियान ने ग्रास रूट के कार्यकर्ता में भी भर दिया जोश
हरीश जोशी/पहाड़ का सच देहरादून।
संविधान दिवस पर लोकभवन घेराव उत्तराखंड कांग्रेस के लिए कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने और आगामी चुनावों के लिए सत्ता विरोधी माहौल तैयार करने का एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इसमें पीसीसी अध्यक्ष गणेश गोदियाल की भूमिका एक ऐसे नेता के रूप में उभर रही है जो जमीनी आंदोलनों, संगठनात्मक समन्वय और आक्रामक राजनीति के जरिए पार्टी को मुख्य मुकाबले में बनाए रखने का प्रयास कर रहे हैं।

26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर देहरादून में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित ‘लोकभवन (राजभवन) घेराव’ राज्य की राजनीति में विपक्षी एकजुटता और आगामी चुनावी रणनीति का एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है. पार्टी की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च का उद्देश्य राज्य की भाजपा सरकार पर कथित भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था और जनविरोधी नीतियों को लेकर दबाव बनाना है।
इस मार्च में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा सहित पार्टी के सभी प्रमुख धड़े एक मंच पर नजर आए। घेराव से पहले कांग्रेस ने 10 से 23 नवंबर 2026 तक प्रदेश के जिला, ब्लॉक और महानगर स्तर पर भ्रष्टाचार के खिलाफ एक हस्ताक्षर अभियान चलाया।
इन हस्ताक्षर युक्त बैनरों और पोस्टरों की पोटली को ‘भ्रष्टाचार की पोटली’ का नाम देकर राज्यपाल को सौंपने की रणनीति बनाई गई, जिससे ब्लॉक स्तर के कार्यकर्ताओं को मुख्यधारा के आंदोलन से जोड़ा जा सके कांग्रेस ने इस प्रदर्शन को ‘संविधान बचाओ मार्च’ का रूप दिया। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस के ‘संविधान बचाओ’ विमर्श को उत्तराखंड के स्थानीय मुद्दों (जैसे भर्ती घोटाले, अंकिता भंडारी मामला और महिला सुरक्षा) के साथ जोड़ना है।
हाथीबड़कला में पुलिस बैरिकेडिंग पर कार्यकर्ताओं के चढ़ने और गिरफ्तारियां देने से पार्टी ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि वह केवल बयानबाजी तक सीमित न रहकर सड़कों पर संघर्ष करने के लिए तैयार है। इन सभी के बीच गणेश गोदियाल लगातार राज्य सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाए हुए हैं। गोदियाल ने पुलिस बल के इस्तेमाल पर सरकार को घेरते हुए कहा कि हजारों कार्यकर्ताओं की हिरासत के बावजूद राज्य में राजनीतिक बदलाव को रोका नहीं जा सकता।
गोदियाल की सक्रियता के चलते उन पर कानूनी कार्रवाई भी हुई है। अक्टूबर 2026 में भी लोकभवन के बाहर बिना अनुमति प्रदर्शन करने के मामले में गोदियाल और हरीश रावत समेत 45 कांग्रेस नेताओं पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बावजूद लगातार बड़े आंदोलन करना उनकी जुझारू छवि को मजबूत करता है।
सड़कों पर आंदोलन के साथ-साथ गोदियाल संगठन के विस्तार पर भी ध्यान दे रहे हैं. 26 नवंबर 2026 को ही देहरादून में आम आदमी पार्टी (AAP) के पूर्व प्रदेश पदाधिकारी और अल्मोड़ा से विधानसभा चुनाव लड़ चुके अमित जोशी को गोदियाल ने कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। गोदियाल केवल सरकार की आलोचना तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे वैकल्पिक घोषणाएं भी कर रहे हैं।
उन्होंने भाजपा सरकार की कैश ट्रांसफर योजनाओं पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस की सरकार बनने पर सरकारी नौकरी से वंचित परिवारों को रोजगार देने और महिलाओं को ‘महिला सम्मान योजना’ के तहत हर महीने आर्थिक सहायता देने जैसे वादों को आगे बढ़ाया है।

• गोदियाल ने इस मार्च में पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं और पूर्व अध्यक्षों को साथ लाकर यह दिखाया है कि वे प्रदेश इकाई में समन्वय स्थापित करने में सफल हो रहे हैं।


