
पहाड़ का सच देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को अपनी सरकार के पांच साल के कार्यकाल का 16 पन्नों का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। आगामी 2027 विधानसभा चुनावों से पहले पेश किए गए इस दस्तावेज में मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने 2022 के चुनावी घोषणापत्र के 70 प्रतिशत वादे पूरे कर लिए हैं और शेष पर काम चल रहा है। इस कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव भी उपस्थित रहे।

प्रमुख घोषणाएं और उपलब्धियों का पूरा ब्यौरा
• कानून व्यवस्था और प्रशासनिक सुधार: मुख्यमंत्री ने ‘हमारा राज्य – हमारा कानून’ पुस्तिका का विमोचन करते हुए बताया कि उत्तराखंड 27 जनवरी 2025 को समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने वाला स्वतंत्र भारत का पहला राज्य बना। अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर 13,000 एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया है। इसके अलावा, सख्त भू-कानून लागू करने, छद्म भेषधारियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन कालनेमि’ चलाने, मदरसा बोर्ड की जगह ‘उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण’ बनाने और नियमों का उल्लंघन करने वाले 250 से अधिक मदरसों को सील करने की कार्रवाई का उल्लेख किया गया है।

• युवा, रोजगार और शिक्षा: पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत करीब 36,000 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। नकल माफिया पर लगाम लगाने के लिए सख्त नकलरोधी कानून लागू किया गया है, जिसमें आजीवन कारावास और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। ‘मुख्यमंत्री भविष्य निर्माण योजना’ के पहले चरण में 11,000 युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए घर बैठे मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग मिलेगी। वैश्विक रोजगार योजना के तहत जर्मन और जापानी भाषा के प्रशिक्षण के बाद 106 युवाओं को विदेश में रोजगार मिला है, जबकि ‘वरदान छात्रवृत्ति योजना’ से 21,000 से अधिक विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता दी गई है। नए स्टार्टअप्स के लिए 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड बनाया गया है और राज्य में युवा आयोग के गठन की प्रक्रिया चल रही है।
• महिला सशक्तिकरण: सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है। प्रदेश में 3 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं और 5 लाख स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को बिना ब्याज के ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालय’ ब्रांड को बढ़ावा देने के साथ-साथ ‘बैनी-भुली योजना’ और एकल महिला स्वरोजगार योजना का भी जिक्र किया गया है।
गरीब कल्याण, आवास और भोजन: सरकार ने 2022 के गठन के बाद से लगभग 2 लाख अंत्योदय कार्ड धारकों को हर साल तीन मुफ्त गैस सिलेंडर रिफिल दिए हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 5 लाख से अधिक एलपीजी कनेक्शन दिए गए हैं और गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से 60 लाख से अधिक लाभार्थियों को मुफ्त अनाज मिल रहा है। आवास योजनाओं के अंतर्गत 1 लाख से अधिक घर बनाए जा चुके हैं।
• कृषि, पशुपालन और निवेश: ‘फार्म मशीनरी बैंक योजना’ के तहत कृषि उपकरणों पर 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है और ‘महक क्रांति’ के अंतर्गत एरोमा वैली विकसित की जा रही है। दुग्ध उत्पादकों को प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि देने के साथ ही बद्री गाय के घी को जीआई (GI) टैग मिला है। सरकार ने राज्य में 3 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव आकर्षित करने और ‘देवभूमि परिवार पोर्टल’ शुरू करने की उपलब्धियां भी गिनाई हैं।
• कोविड-19 काल की राहत योजनाएं: वर्ष 2021 में महामारी के दौरान पर्यटन, परिवहन और संस्कृति क्षेत्र के लिए 200 करोड़ रुपये, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 205 करोड़ रुपये और स्वयं सहायता समूहों व स्वरोजगार के लिए 118 करोड़ रुपये का राहत पैकेज जारी किया गया था। इसके साथ ही अनाथ हुए बच्चों के भरण-पोषण के लिए ‘मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना’ चलाई गई।


