
– सैलजा-गोदियाल समेत सभी बड़े नेता पहुंचे, बैरिकेडिंग पर चढ़े हरक सिंह और भुवन कापड़ी
पहाड़ का सच देहरादून। भ्रष्टाचार सहित कई मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ हल्ला बोल तेज कर दिया है। पार्टी ने प्रदेशभर में चलाए गए हस्ताक्षर अभियान के जरिए जुटाए गए दस्तावेजों के साथ राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग की। लोक भवन की ओर बढ़ रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ते में रोक दिया, जिसके बाद मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।
https://www.facebook.com/share/v/1A7j4qjLre/
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बृहस्पतिवार को कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए लोक भवन कूच किया। कांग्रेस भवन से प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रीतम सिंह , डॉ हरक सिंह रावत समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए लोक भवन की ओर बढ़े।हाथीबड़कला के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। धक्का-मुक्की के बीच कुछ नेता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए।

पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत और विधायक भुवन कापड़ी बैरिकेडिंग के ऊपर चढ़ गए। वहीं, प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और प्रीतम सिंह हस्ताक्षर युक्त बैनर लेकर मार्च में शामिल रहे। बैरिकेडिंग पर रोके जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और भ्रष्टाचार के मामलों में जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।
कांग्रेस ने प्रदर्शन के माध्यम से प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए गए हस्ताक्षर अभियान के दस्तावेज राज्यपाल को सौंपने की तैयारी की थी। पार्टी का कहना है कि प्रदेश के सभी जिला, ब्लॉक और महानगर मुख्यालयों में 10 से 23 नवंबर तक हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी भागीदारी दर्ज कराई। प्रदेशभर से हस्ताक्षर युक्त बैनर और दस्तावेज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचाए गए थे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि 26 नवंबर को भ्रष्टाचार के खिलाफ और संविधान की मूल भावना का अपमान किए जाने के विरोध में लोक भवन कूच का कार्यक्रम तय किया गया था। इस दौरान राज्यपाल को हस्ताक्षर युक्त बैनर और पोस्टरों की पोटली सौंपकर प्रदेश में सामने आए भ्रष्टाचार के मामलों पर सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग की जानी थी।


