
– दोनों की आईजी पद पर तैनाती के मामले में आज भी होगी सुनवाई, अधिकारियों ने कहा- नहीं मिला वेतन
पहाड़ का सच नैनीताल। आईपीएस अधिकारी नीरू गर्ग और अरुण मोहन जोशी को केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन डीआईजी पदों पर प्रतिनियुक्ति पर भेजने के आदेशों को चुनौती देने वाली याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई जारी है। गुरुवार को भी इस मामले में सुनवाई होनी है।
सुनवाई के दौरान अधिकारियों की ओर से कोर्ट को अवगत कराया गया कि उन्हें अभी तक वेतन भी नहीं दिया गया है। उन्हें वेतन दिलाने के आदेश देने का अनुरोध किया गया। मामले में सुनवाई जारी रखते हुए खंडपीठ ने अगली सुनवाई के लिए 26 नवंबर की तिथि नियत की है।
मामले की सुनवाई कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी एवं न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय की खंडपीठ में हुई। राज्य सरकार ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण (कैट) के उस आदेश को चुनौती दी है जिसमें अधिकारियों को राहत देते हुए उनकी नियुक्ति, प्रतिनियुक्ति और कार्यमुक्ति से संबंधित आदेश निरस्त कर उन्हें उत्तराखंड कैडर में उनके पदों पर बहाल करने के निर्देश दिए गए थे।
दरअसल, वर्ष 2005 बैच की आईपीएस अधिकारी नीरू गर्ग को भारत – तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में उप महानिरीक्षक (डीआईजी) तथा वर्ष 2006 बैच के आईपीएस एवं आईजी स्तर के अधिकारी अरुण मोहन जोशी को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में डीआईजी पद पर प्रतिनियुक्ति पर भेजने के आदेश 5 मार्च 2026 को जारी किए गए थे।
इन आदेशों के बाद उत्तराखंड सरकार ने 6 मार्च को दोनों अधिकारियों को कार्यमुक्त करने के आदेश पारित किए। अधिकारियों ने राज्य सरकार के इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। इस पर हाईकोर्ट ने उन्हें केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण (कैट) जाने के निर्देश दिए थे।


