
पहाड़ का सच देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड के दोषी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य और उनके वकील अनुज पुंडीर के खिलाफ मुकदमा (Zero FIR) दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई दिवंगत अंकिता भंडारी की निजी व्हाट्सऐप चैट सार्वजनिक करने और उनके चरित्र हनन के आरोपों के बाद की गई है।
देहरादून के राजपुर थाने में बुधवार शाम (25 नवंबर 2026) को Zero FIR दर्ज की गई। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 356(2) (आपराधिक मानहानि) व 79 (महिला की गरिमा का अपमान) तथा आईटी एक्ट की धारा 66C और 66D के तहत आरोप लगाए गए हैं।
• विनोद आर्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस हरिद्वार में आयोजित की थी, इसलिए क्षेत्राधिकार के आधार पर यह केस आगे की जांच के लिए हरिद्वार के नगर कोतवाली थाने में ट्रांसफर कर दिया गया है।
नवंबर के मध्य में विनोद आर्य और उनके वकील ने हरिद्वार में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अंकिता और उनके एक पुरुष मित्र के बीच हुई कथित चैट के 4,000 से अधिक पन्ने मीडिया के सामने जारी किए थे।
मुकदमा दर्ज न होने से नाराज अंकिता के माता-पिता ने बुधवार को देहरादून के गांधी पार्क में धरना दिया। इसके बाद पीसीसी अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत व सामाजिक कार्यकर्ता योगिता भयाना के साथ परिजनों ने पुलिस मुख्यालय में एडीजी (अपराध एवं कानून व्यवस्था) से मुलाकात की, जिसके बाद एफआईआर दर्ज की गई।


