
पहाड़ का सच उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जनपद उत्तरकाशी की तहसील मोरी क्षेत्रांतर्गत ग्राम पवाणी में हुए अग्निकांड के बाद राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जा रहा है। बुधवार को आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने प्रभावित क्षेत्र का हेलीकॉप्टर के माध्यम से हेली सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से राहत एवं पुनर्वास कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान उपाध्यक्ष विनय रुहेला तथा सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन भी उपस्थित रहे। कौशिक ने बताया कि अग्निकांड की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं सहायता कार्य शुरू कर दिए गए। जिलाधिकारी उत्तरकाशी सहित पुलिस, राजस्व, एसडीआरएफ, आपदा प्रबंधन, पेयजल, विद्युत, पशुपालन, स्वास्थ्य विभाग, एंबुलेंस तथा जिला पूर्ति विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा अस्थायी हेलीपैड का निर्माण किया गया है। गांव में सामुदायिक किचन की व्यवस्था कर प्रभावित परिवारों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति को सुचारु रखा गया है। प्रभावित परिवारों के लिए गांव के प्राथमिक विद्यालय में स्टोर रूम को राहत सामग्री के भंडारण तथा आवश्यकतानुसार शेल्टर के रूप में उपयोग किए जाने की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों की आवश्यकता के अनुसार अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं।


