
देहरादून। आर्केडिया ग्रांट के बनियावाला क्षेत्र के शांति विहार में पूर्व सैनिक के साथ गृह निर्माण ठेकेदार द्वारा धोखाधड़ी, जबरन बसूली एवं धमकी देने का मामला सामने आया है।
मिली जानकारी के अनुसार 14 गढ़वाल राइफल से सेवा निवृत नायक नरेंद्र सिंह, शांति विहार कॉलोनी में अपना निवास बनवा रहे हैं। उसके लिए उन्होंने गृह निर्माण ठेकेदार से संपर्क किया। ठेकेदार द्वारा 7 फरवरी 2026 को 1800/- प्रति वर्ग फुट के हिसाब से अनुबंध किया गया। कार्य शुरू करने के बाद ठेकेदार द्वारा खराब मैटिरियल लाने, तय समय में कार्य न करने, तथा ठेकेदार से इस संबंध में पूछे जाने पर अतिरिक्त पैसों की मांग करने के साथ ही तरह – तरह से प्रताड़ित करने लगा। जिसके बाद अनुबंध के आधार पर कार्य न करने के कारण पूर्व सैनिक द्वारा कार्य बंद करवा दिया गया।
मानसिक रूप से परेशान पूर्व सैनिक ने कानून का सहारा लेने की कोशिश की, और दिनांक 10 सितम्बर 2026 को बसंत विहार थाने मैं ठेकेदार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करवाने के लिए आवेदन किया, पर उसपर अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है। उसके बाद पूर्व सैनिक द्वारा थाने में छः चक्कर लग चुके हैं, पर अभी तक उनकी परेशानी का कुछ हल नहीं हुआ है।
एक सैनिक जो कि दिन रात देश की सेवा में खड़े रहते हैं और जब वो सेवानिवृत हो कर अपने घर वापिस आते हैं और उनको अपनी खून पसीने की कमाई से प्लाट खरीदने, या घर बनाने में धोखाधड़ी होना, जैसी मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है। और सबसे बड़ी बात ये है कि शासन प्रशासन भी उनकी कोई खास मदद नहीं कर पाता है।


