
पहाड़ का सच, सहारनपुर/हरिद्वार। पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की बेटी की शिकायत पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने, ब्लैकमेलिंग करने, अश्लील टिप्पणी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में उर्मिला सनावर को हरिद्वार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सोमवार 26 अक्टूबर को उर्मिला के देहरादून की सीबीआई (CBI) कोर्ट में बयान दर्ज होने थे ।
बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ी कड़ियों के बीच अभिनेत्री उर्मिला सनावर को हरिद्वार पुलिस ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई देहरादून की सीबीआई (CBI) कोर्ट में उनके बयान दर्ज होने से ठीक एक दिन पहले हुई है।
पुलिस के अनुसार पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की बेटी की शिकायत पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने, ब्लैकमेलिंग करने, अश्लील टिप्पणी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में हरिद्वार की रानीपुर कोतवाली पुलिस ने रविवार (25 अक्टूबर 2026) को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित उर्मिला के आवास से उन्हें हिरासत में लिया।
उसके ऊपर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 8(5)(7), 79, 356(3), 356(2) BNS और 4/10 स्त्री अशिष्ट रूपण प्रतिषेध अधिनियम 1986 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बहुचर्चित अंकिता भंडारी मर्डर केस में ‘वीआईपी’ की भूमिका को लेकर पिछले साल दिसंबर में उर्मिला सनावर और पूर्व विधायक सुरेश राठौर का एक ऑडियो क्लिप वायरल हुआ था। इसी सिलसिले में 26 अक्टूबर को देहरादून सीबीआई कोर्ट में उर्मिला के बयान दर्ज होने थे।
23 अक्टूबर को उर्मिला और सुरेश राठौर सीबीआई कोर्ट में पेश हुए थे और दोनों ने इस मामले में नार्को-एनालिसिस टेस्ट कराने के लिए अपनी लिखित सहमति दे दी थी। फिलहाल पुलिस उर्मिला सनावर को सहारनपुर से हरिद्वार ले आई है, जहां मेडिकल जांच के बाद उन्हें न्यायालय (कोर्ट) में पेश करने की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
गौरतलब हो कि ऋषिकेश के वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट अंकिता भंडारी की 2022 में हत्या कर दी गई थी, जिसमें रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य और उसके साथियों को उम्रकैद की सजा हो चुकी है। हालांकि, सोशल मीडिया पर सुरेश राठौर और उर्मिला के बीच कथित बातचीत का ऑडियो आने के बाद इसमें शामिल राजनीतिक रसूखदार ‘वीआईपी’ के नाम की जांच के लिए मुख्यमंत्री ने इस साल जनवरी में सीबीआई (CBI) जांच की सिफारिश की थी।


