
– भगदड़ को लेकर लापरवाही के लिए जिम्मेदार किसी भी बख्शा नहीं जाएगा। उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी – मुख्यमंत्री
पहाड़ का सच/एजेंसी।
चोरबागान। नार्थ कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम भगदड़ मचने से 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने आयोजकों समेत 12 लोगों को हिरासत में लिया है। हादसे के दौरान पंडाल में अंधेरा था, एंट्री-एग्जिट के रास्ते संकरे थे और बारिश के कारण भीड़ बढ़ गई थी।
सप्तमी पर मां के दर्शन के लिए पहले से ही बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। बारिश शुरू होने पर लोग भीगने से बचने के लिए पंडाल के अंदर जमा होने लगे। भीड़ का दबाव बढ़ने से एग्जिट गेट का एक हिस्सा गिर गया। इसके बाद सुरक्षाकर्मी लोगों को बाहर निकलने का अनाउंसमेंट करने लगे, तभी भगदड़ मच गई।
हादसे के दो दिन पहले ही इस पंडाल को पश्चिम बंगाल सरकार के ‘देवी दुर्गा सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया था। कोलकाता में सबसे खूबसूरत पंडाल के लिए इसे ‘बेस्ट ऑफ बेस्ट’ कैटेगरी में चुना गया था। इस कैटेगरी में कोलकाता के सिर्फ 3 पंडाल शामिल थे।
वहीं पुलिस ने आयोजकों और अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। कोलकाता पुलिस के मुताबिक, गिरिश पार्क थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105, 110 और 3(5) के तहत स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में 14 लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
पश्चिम बंगाल सरकार ने भगदड़ में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को 25 लाख रुपए मुआवजा और एक सदस्य को नौकरी देने का ऐलान किया है। घटना की जिम्मेदारी तय करने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने जांच शुरू कर दी है।


