
पहाड़ का सच देवप्रयाग। चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही एक वैगनआर कार देवप्रयाग के समीप अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह मारुति सुजुकी वैगनआर कार संख्या HR-68 C 1242 चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग की ओर जा रही थी। इसी दौरान देवप्रयाग से करीब चार किलोमीटर श्रीनगर की ओर ग्राम पाली स्थित रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके चलते कार सड़क से नीचे करीब 150 मीटर खाई में नदी किनारे जा गिरी। हादसे के समय वाहन में चालक सहित पांच लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी से उपनिरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में तथा एसडीआरएफ श्रीनगर से निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।
टीमों के पहुंचने से पहले ही जिला पुलिस और स्थानीय लोगों ने तीनों घायलों को खाई से बाहर निकाल लिया था। इसके बाद घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। बाद में एसडीआरएफ की टीमों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे दो लोगों के शव बाहर निकाले।
मृतकों में 72 वर्षीय सत्येश्वरी देवी, निवासी किमखाल, थाना कर्णप्रयाग, जिला चमोली और कार चालक अनिल शामिल हैं।
घायलों में उत्तम सिंह (33), निवासी ग्राम लाडोली, टीशा रावत (18), निवासी ग्राम बीना, सुनीता देवी (45), निवासी ग्राम बीना, जिला रुद्रप्रयाग आदि।
घटनास्थल की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और नदी के रास्ते को देखते हुए एसडीआरएफ ने दोनों शवों को राफ्ट के माध्यम से नदी पार कराया और देवप्रयाग पहुंचाया। यहां आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए शव जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिए गए।


