
पहाड़ का सच देहरादून। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल ने देहरादून में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को हटाने की मांग की है। संगठनों ने आइएसबीटी और राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास कथित अवैध बस्तियों, सरकारी भूमि पर कब्जों और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रशासन का ध्यान खींचा है। संगठन के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शहर में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी और रोहिंग्या लोगों की पहचान करने तथा नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।
प्रदेश उपाध्यक्ष कृपाल सिंह नेगी के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। ज्ञापन में संगठन ने आरोप लगाया कि आइएसबीटी और राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास बस्तियों के विस्तार से शहर की छवि प्रभावित हो रही है। अवैध नशे की खरीद-फरोख्त, चोरी, जेबकतरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में कथित संलिप्तता की आशंका जताते हुए जांच की मांग की। साथ ही महिलाओं और पर्यटकों की सुरक्षा तथा छेड़छाड़ की घटनाओं को लेकर भी चिंता व्यक्त की।आरोप लगाया गया कि कुछ स्थानों पर नाबालिग बच्चों से भिक्षावृत्ति कराई जा रही है।
संगठनों ने चेतावनी दी कि मांगों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर गढ़वाल अध्यक्ष शैलेन्द्र गुप्ता, जिला अध्यक्ष विजय मिश्रा, जिला महामंत्री दक्ष राजा, वैभव बुटोला और अर्पित सुयाल आदि मौजूद रहे।


