
– महिलाओं के शोर मचाने पर गुलदार ने छोड़ तो दिया लेकिन तब तक हो चुकी थी मौत
पहाड़ का सच श्रीनगर। शहर से लगभग नौ किमी दूर खंडाह के पास घास लेने जंगल गई 48 वर्षीय बीना देवी को गुलदार ने मार डाला। उनके साथ घास लेने गई अन्य महिलाओं के शोर मचाने पर गुलदार ने महिला को छोड़ तो दिया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार बछेली ग्रामसभा के तरुली में शुक्रवार शाम करीब चार बजे बीना देवी अन्य महिलाओं के साथ घास लेने जंगल गई थी। जब वह घास काट रही थी, तभी गुलदार ने उन पर झपट्टा मार दिया। जब वह बीना को घसीटते हुए ले जाने लगा तब महिलाओं की नजर गुलदार पर पड़ी।
महिलाओं के शोर मचाने पर गुलदार बीना को छोड़कर भाग गया पर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। ग्राम प्रधान कुलदीप गुसाईं ने बताया कि क्षेत्र में लगातार गुलदार दिखाई दे रहा है, लोगों में दहशत का माहौल है। उन्होंने कहा कि वन विभाग से कई बार गुहार लगाई पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। मांग की कि गुलदार को नरभक्षी घोषित कर मारने के आदेश दिए जाएं। वहीं डीएफओ पौड़ी महातिम यादव ने बताया कि टीम मौके पर पहुंची है। पिंजरा लगाकर गश्त बढ़ाई जाएगी, उच्चाधिकारियों को इस संदर्भ में अवगत करा दिया गया है।


