
कांग्रेस ने चेतावनी दी, जब तक ज्ञानेश कुमार नहीं हटे आंदोलन जारी रहेगा
राहुल गांधी ने प्रदेश प्रभारियों/अध्यक्षों को दिए निर्देश…आंदोलन की धार कमजोर न पड़े
पहाड़ का सच नई दिल्ली/देहरादून। कांग्रेड ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ 10 अक्टूबर से राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ (Vote Bachao, Desh Bachao) अभियान शुरू करने का ऐलान किया गया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में सोमवार को हुई बैठक में इस आशय का फैसला लिया गया।
नई दिल्ली स्थित AICC मुख्यालय (इंदिरा भवन) में कांग्रेस की एक उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ 10 अक्टूबर से राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ (Vote Bachao, Desh Bachao) अभियान शुरू करने का ऐलान किया गया। बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल के अलावा तमाम महासचिव, राज्य प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष (PCC) और फ्रंटल संगठनों के राष्ट्रीय प्रमुख मौजूद रहे। उत्तराखंड की प्रभारी कुमारी शैलजा व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी बैठक में शामिल थे।
बैठक के बाद एक प्रेस वार्ता में के.सी. वेणुगोपाल ने ब्योरा देते हुए कहा कि पार्टी ने चुनाव प्रक्रिया और चुनावी मशीनरी की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि नागरिकों के मताधिकार को अवैध रूप से कम करना लोकतंत्र पर सीधा हमला है।
पार्टी ने फैसला लिया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 10 अक्टूबर से देशव्यापी आंदोलन चलाया जाएगा। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह विरोध प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाया नहीं जाता और चुनावी प्रणाली में सुधार नहीं किया जाता।
राहुल गांधी ने सभी प्रदेश अध्यक्षों और प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि यह आंदोलन सुस्त नहीं पड़ना चाहिए, बल्कि इसे एक आक्रामक और निरंतर चलने वाले देशव्यापी अभियान के रूप में आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

उत्तराखंड कांग्रेस के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि पार्टी की बैठक में राज्य कांग्रेस के सभी फ्रंटल संगठनों के अध्यक्ष भी शामिल थे। देश व्यापी आंदोलन को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया गया है।


