– पूर्व में प्रभारी शैलजा के साथ दो सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा व मनोज यादव
– प्रभारी शैलजा व सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा दोनों हरियाणा से
– दूसरे सह प्रभारी मनोज यादव उत्तर प्रदेश से, पूर्व प्रभारी देवेंद्र यादव के करीबी
– मीडिया इंचार्ज पंखुड़ी पाठक व सह प्रभारी मनोज यादव का कालांतर में समाजवादी पार्टी से भी रहा नाता
पहाड़ का सच देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस में संगठन में हर छोटी बड़ी नियुक्तियों को लेकर पार्टी हाईकमान का पूरा हस्तक्षेप दिखाई दे रहा है। उत्तराखंड में मीडिया इंचार्ज की नियुक्ति भी दिल्ली के नेता पंखुड़ी पाठक के रूप में हुई है।
पार्टी की मुख्य प्रवक्ता गरिमा दसौनी की ओर से जारी प्रेस नोट में जानकारी दी गई है कि उत्तराखंड मीडिया इंचार्ज पंखुड़ी पाठक ने चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह व सह-प्रभारियों सुरेंद्र शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश में कांग्रेस के मीडिया एवं संचार अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की और मार्गदर्शन लिया।

इससे पूर्व बीते रोज मंगलवार को पंखुड़ी पाठक की प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल व नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य से भी मुख्य प्रवक्ता गरिमा ने भेंट कराई। इस दौरान कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता श्रीमती गरिमा मेहरा दसौनी भी उनके साथ मौजूद रहीं। जानकारी है कि जल्द ही पंखुड़ी पाठक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डा. हरक सिंह रावत से भी भेंट करेंगी। रावत, सचिवालय कूच के दौरान अस्वस्थ हो गए थे।

श्रीमती गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेश में मीडिया एवं संचार रणनीति को और अधिक प्रभावी एवं समन्वित बनाने की दिशा में यह मुलाकात महत्वपूर्ण रही। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन, मीडिया विभाग की सक्रिय भूमिका और जमीनी मुद्दों को प्रमुखता देने के साथ कांग्रेस जनता के बीच अपने संदेश को और मजबूती से पहुंचाएगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के जनसरोकारों, भाजपा सरकार की नीतियों से प्रभावित आम जनता के मुद्दों तथा कांग्रेस की नीतियों और आगामी चुनावी एजेंडे को तथ्यों एवं मजबूती के साथ जनता के सामने रखना मीडिया विभाग की प्राथमिकता होगी।

गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि श्रीमती पंखुड़ी पाठक के अनुभव, ऊर्जा और रणनीतिक दृष्टिकोण से प्रदेश में कांग्रेस के मीडिया अभियान को निश्चित रूप से नई गति और धार मिलेगी।
मुलाकात के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा एवं वीरेंद्र पोखरियाल भी मौजूद रहे।

