अल्मोड़ा। जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। हवालबाग ब्लॉक के वड्यूडा/उडयूडा गांव में मंगलवार तड़के हुई भारी बारिश ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बारिश के बाद अचानक आए मलबे की चपेट में आवासीय मकान आ गया। देखते ही देखते मलबा घर के भीतर घुस गया और अंदर सो रहे तीन लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक महिला और दो बच्चों की मौत की सूचना है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान लगातार बारिश के बीच मंगलवार तड़के अचानक मलबा आया और मकान को अपनी चपेट में ले लिया। मकान का ढांचा गिरने से भीतर मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद राहत और बचाव दल मौके के लिए रवाना हुए।
मृतकों में एक महिला और दो बच्चे शामिल बताए गए हैं। मृतकों की पहचान प्रेमा देवी, उनकी पुत्री कल्पना और उनके बेटे मनीष के रूप में हुई है। उक्त घटना से गांव में शोक का माहौल है।

