– पीआईसीयू वार्ड में वेंटिलेटर बंद होने की घटना के बाद निदेशक सख्त, प्रशासनिक खामियां भी देखेंगे
पहाड़ का सच देहरादून। आए दिन दून अस्पताल की व्यवस्थाओं में आ रही कमी और तकनीकी खामियों को दुरुस्त करने के लिए हर गुरुवार को निदेशक चिकित्सा शिक्षा डा.आशुतोष सयाना दून अस्पताल का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
इस दौरान वह अस्पताल के विभिन्न विभागों में मरीजों को मिल रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं की स्थिति देखेंगे। पिछले दिनों इमरजेंसी की बिजली जाने पर पीआईसीयू वार्ड के वेंटिलेटर बंद हो गए थे। इस दौरान तीन बच्चों को एंबू बैग से ऑक्सीजन देना पड़ा था। इसके अलावा कई बार मरीजों के तीमारदारों और अस्पताल स्टाफ के बीच मारपीट की घटनाएं भी आम हो चुकी हैं।
निदेशक चिकित्सा शिक्षा डा.आशुतोष सयाना ने बताया कि हर सप्ताह बृहस्पतिवार को अस्पताल का निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान पिछले निरीक्षण में दिए गए निर्देशों पर हुई कार्रवाई की भी जानकारी ली जाएगी।
उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं में सुधार के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। .निरीक्षण की रिपोर्ट लगातार शासन और मंत्री को भी भेजी जाएगी। इससे पहले 13 अगस्त को निदेशक ने दून अस्पताल का निरीक्षण किया था। उन्होंने इमरजेंसी, आईपीडी और ओपीडी का जायजा लिया था। इस दौरान कई अव्यवस्थाएं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए सुधार के निर्देश दिए थे। दून अस्पताल में लंबे समय से व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठते रहे हैं।

