पहाड़ का सच देहरादून/हरिद्वार। सरकारी कामों की फाइलों को आगे बढ़ाने के लिए रिश्वत मांगने वाले हरिद्वार के दो अफसरों को मंगलवार को विजिलेंस ने गिरफ्तार कर लिया। खानपुर ब्लॉक का सहायक कृषि अधिकारी 10 हजार, जबकि नारसन का युवा कल्याण अधिकारी 35 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है। विजिलेंस ने दोनों अफसरों के घर से कई दस्तावेज बरामद हुए हैं।
खानपुर क्षेत्र के एक व्यक्ति ने कृषि यंत्र खरीदने के लिए ब्लॉक में सब्सिडी के लिए आवेदन किया था। आवेदनकर्ता के भाई ने जब सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव से बात की तो उसने फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। उन्होंने विजिलेंस को टोल फ्री नंबर 1064 पर कॉल कर शिकायत कर दी। विजिलेंस की ट्रैप टीम ने मंगलवार सुबह कार्यालय खुलते ही रिश्वत लेते हरिओम यादव को गिरफ्तार कर लिया। हरिओम नजीबाबाद रोड स्थित प्रतापनगर (कोटद्वार) का निवासी है।
नारसन का युवा कल्याण अधिकारी 35 हजार रुपये रिश्वत लेते दबोचा
दूसरी शिकायत नारसन निवासी मंगल कल्याण दल संचालन करने वाले व्यक्ति ने की थी। उन्होंने फूलों की खेती के लिए सरकारी अनुदान राशि के लिए आवेदन किया था। इसके लिए उन्होंने क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी कुलदीप कुमार से संपर्क किया। कुलदीप उन्हें दस्तावेजों के लिए दौड़ा रहा था।
उन्हें चक्कर लगाते हुए जब कई दिन हो गए तो कुलदीप ने उनसे 35 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। इस शिकायत पर विजिलेंस ने मंगलवार को आदर्श कॉलोनी लक्सर के रहने वाले युवा कल्याण अधिकारी कुलदीप कुमार को भी रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आज दोनों को स्पेशल विजिलेंस कोर्ट में पेश किया जाएगा।

