
पहाड़ का सच देहरादून। क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में गुरुवार दोपहर हुए हृदयविदारक हादसे में दो बच्चियों की नाले में डूबने से मौत हो गई। दोनों बहनें नाले में बह गई और काफी आगे बने रैंप के नीचे फंस गई। जब तक लोगों को इसका पता चला, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना के वक्त बच्चियों की मां मजदूरी करने गई हुई थी, जबकि पिता बिहार गया हुआ है।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा दुर्गा मंदिर नई बस्ती क्षेत्र में हुआ। मूलरूप से बिहार के खगड़िया जिले के छोटम पिपरा गांव निवासी रुदल सदा यहां क्लेमेंटटाउन नई बस्ती में पत्नी रीना व छोटे बच्चों के साथ रह रहा है। दोनों पति-पत्नी मेहनत मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण कर रहे हैं। रूदल इन दिनों किसी काम से बिहार स्थित अपने गांव गया हुआ है। घर में पत्नी रीना, दोनों बेटी सात वर्षीय लक्ष्मी व तीन वर्षीय सोनाक्षी और बेटा ही थे।

रीना ने पुलिस को बताया कि दोपहर करीब एक बजे दोनों बच्चियां घर के बाहर नाले में नहाने गई थी। नाले में तेज पानी आने के कारण वह बहकर आगे बने रैप के नीचे फंस गई। जब कुछ देर बाद उनकी खोजबीन की तो बड़ी पुत्री के पैर रैंप के नीचे दिखाई दिए, इसके बाद लोगों की सहायता से उन्हें बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बच्चियों के साथ हुए हादसे से उनकी मां और भाई बदहवास हैं। आसपास के लोग उन्हें ढाढस बंधाने पहुंच रहे हैं। बस्ती में घटना के बाद से शोक व्याप्त है।

