Lavc57.107.100
लक्सर। हरिद्वार जिले के पथरी थाना क्षेत्र में महिला के साथ तमंचे के बल पर सामूहिक दुष्कर्म और लूट की वारदात का मामला सामने आया था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल अवैध तमंचा, चाकू, बाइक, महिला से लूटे गए झुमके, मोबाइल फोन के टूटे हुए हिस्से और बैटरी बरामद हुई है।
हरिद्वार पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीती 7 जुलाई 2026 की रात पीड़िता अपने बच्चे के साथ घर पर मौजूद थी। आरोप है कि तभी चार युवक तमंचे के बल पर घर में घुस आए और महिला को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला के कानों से झुमके लूटकर मौके से फरार हो गए। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।
अगले दिन यानी 8 जुलाई को पीड़िता की शिकायत के आधार पर थाना पथरी में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया मामले की गंभीरता को देखते हुए हरिद्वार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों के साथ अन्य महत्वपूर्ण सुराग जुटाए। इसके साथ ही संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। इसी कड़ी में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने पथरी जंगल के पास से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात में अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उनकी निशानदेही और पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल अवैध तमंचा, चाकू, मोटरसाइकिल, लूटे गए झुमके और मोबाइल फोन के टूटे हुए हिस्से के साथ बैटरी बरामद भी की है।
गिरफ्तार आरोपियों में शिवम पुत्र गंभीर, उम्र 24 वर्ष, निवासी- ग्राम दुर्गागढ़, थाना पथरी, हरिद्वार, शेखर पुत्र चादकीराम, उम्र 22 वर्ष, निवासी- ग्राम दुर्गागढ़, थाना पथरी, हरिद्वार, अरुण पुत्र दलीप उम्र 23 वर्ष, निवासी- ग्राम दुर्गागढ़, थाना पथरी, हरिद्वार, विकास पुत्र राजेंद्र, उम्र 25 वर्ष, निवासी- ग्राम महाखड़ी, थाना सयाना, बुलंदशहर आदि।
वहीं थाना प्रभारी पथरी ने बताया कि चारों आरोपियों से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है और ये भी जांच की जा रही है कि उनका किसी अन्य आपराधिक घटना से संबंध तो नहीं है।

