
पहाड़ का सच देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में कई पूर्व विधायकों व संगठन के प्रतिनिधियों ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर सभी ने मुख्यमंत्री को अब तक के सबसे लंबे कार्यकाल के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
पूर्व विधायकों ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य ने विकास, सुशासन तथा जनकल्याण के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के समग्र विकास एवं आमजन के हितों को प्राथमिकता देते हुए अनेक जनहितकारी निर्णय लिए गए हैं, जिनका व्यापक सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने पूर्व विधायकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का अनुभव और मार्गदर्शन राज्य के विकास की दिशा में सदैव महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास, सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकास की योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना तथा उत्तराखण्ड को विकास के नए आयामों तक ले जाना है। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से राज्य को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर पूर्व विधायकों ने राज्य के समग्र विकास, जनकल्याण एवं सुशासन के क्षेत्र में बीते वर्षों में हुई प्रमुख उपलब्धियों के लिए भी मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए उनके सफल एवं जनहितकारी नेतृत्व की सराहना की। मिलने वालों ने पूर्व विधायक काशी सिंह ऐरी, दिनेश अग्रवाल, देशराज कर्णवाल, लाखीराम जोशी, पुष्पेश त्रिपाठी, धन सिंह नेगी, केदार सिंह रावत, राजकुमार, श्रीमती विजया बड़थ्वाल, सुरेश चंद्र आर्य व जोत सिंह गुनसोला शामिल थे।

इसी क्रम में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी सीएम से शिष्टाचार भेंट की। सभी प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री को उत्तराखण्ड के मुख्य सेवक के रूप में सर्वाधिक कार्यकाल पूर्ण करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री से भेंट करने वालों में गुरुद्वारा सभा, भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, किसान आयोग, अखिल गढ़वाल सभा तथा प्रादेशिक विकास सेवा संगठन के प्रतिनिधि शामिल थे। प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में सुशासन, विकास एवं जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
मुख्यमंत्री धामी ने सभी प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान और शुभकामनाएं प्रदेश की सवा करोड़ जनता के विश्वास एवं सहयोग का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शिता, सुशासन, सेवा और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास के नए आयाम स्थापित करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सर्वांगीण विकास में समाज के प्रत्येक वर्ग, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता महत्वपूर्ण है। सरकार सभी के सहयोग और सुझावों के साथ उत्तराखण्ड को विकास के नए शिखर पर पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उनका अभिनंदन किया तथा प्रदेश के विकास एवं जनहित के कार्यों के सफल क्रियान्वयन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

