
अवकाश के दिनों में भी विभागीय कार्यों में रहते हैं व्यस्त, सेकंड सैटरडे को कुमाऊं दौरे पर निकले
कार्यों की प्रगति एवं उपभोक्ता सेवाओं की व्यापक समीक्षा
पहाड़ का सच देहरादून। उत्तराखण्ड पावर कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी अवकाश के दिन ( सेकंड सैटरडे) शनिवार को दो दिवसीय कुमाऊं भ्रमण पर निकल गए हैं जहां उन्होंने निगम के कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग, विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की पूरी व्यवस्था का जायजा लिया। ये कदम ध्यानी की कार्यनिष्ठा एवं प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

ऊर्जा निगम के प्रवक्ता के हवाले से जानकारी दी गई है कि अपने दौरे में प्रबंध निदेशक ने कुमाऊ क्षेत्र की विभिन्न परियोजनाओं एवं विद्युत वितरण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में विकास कार्यों की प्रगति, राजस्व संग्रहण की स्थिति, उपभोक्ता शिकायतों के निस्तारण तथा विभिन्न परिचालन संबंधी विषयों की विस्तार से समीक्षा की। प्रबन्ध निदेशक द्वारा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक परियोजना एवं कार्य की अद्यतन प्रगति मुख्यालय को प्रेषित करें तथा समयबद्ध कार्य निष्पादन के लिए प्रभावी कार्ययोजना प्रस्तुत करें।
इस दौरान ध्यानी द्वारा निर्माणाधीन हल्द्वानी विद्युत उपकेंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया गया तथा परियोजना की गुणवत्ता, कार्य प्रगति एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप निष्पादन का आकलन किया। प्रबन्ध निदेशक कल चम्पावत एवं रुद्रपुर का भी भ्रमण करेंगे, जहां विभिन्न विद्युत परियोजनाओं एवं उपभोक्ता सेवाओं से सम्बंधित कार्यों की समीक्षा की जाएगी।

कुमाऊ प्रवास के दौरान प्रबंध निदेशक जनपद चम्पावत के जिलाधिकारी के साथ शिष्टाचार भेंट एवं समीक्षा बैठक भी करेंगे। बैठक में यूपीसीएल से सम्बंधित महत्वपूर्ण विषयों, विद्युत अवसंरचना विकास, विभिन्न परियोजनाओं के क्रियान्वयन तथा प्रशासनिक समन्वय से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी, ताकि विकास कार्यों में और अधिक गति लाई जा सके।
प्रबंध निदेशक ध्यानी ने कहा कि यूपीसीएल की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदेश के प्रत्येक उपभोक्ता को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना है। इसके लिए परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, राजस्व सुधार, उपभोक्ता शिकायतों का त्वरित निस्तारण तथा फील्ड स्तर पर प्रभावी कार्यान्वयन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा, गुणवत्ता मानकों एवं सुरक्षा नियमों का पूर्ण पालन करते हुए संपादित किए जाएं।
अवकाश के दिनों में भी लगातार फील्ड भ्रमण, परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण एवं अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें यह दर्शाती है कि प्रबंध निदेशक ध्यानी यूपीसीएल के समग्र विकास, कर्मचारियों के बेहतर समन्वय तथा प्रदेश के विद्युत उपभोक्ताओं को उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने के लिए पूर्ण समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।

