
उत्तराखंड कांग्रेस में सब एक साथ,कोई गुटबाजी नहीं, राज्य में पीसीसी बेहतर काम कर रही है
पहाड़ का सच देहरादून। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि राम के नाम पर राजनीति करने वाले अब चढ़ावा चोरी करने लगे हैं। कांग्रेस की मांग है कि इस मामले की जांच एसआईटी से नहीं, बल्कि सुप्रीम कोर्ट के जज की निगरानी में होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ मंदिर में भी चढ़ावा चोरी का मामला सामने आया है, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन कांग्रेस भवन में प्रेसवार्ता में राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि राम मंदिर के नाम पर भाजपा, आरएसएस ने चंदा एकत्रित किया। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने राम मंदिर ट्रस्ट का गठन किया था लेकिन राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का खुलासा होने पर आज प्रधानमंत्री मौन हैं। इस मामले की एसआईटी से निष्पक्ष जांच की उम्मीद नहीं की जा सकती है। लिहाजा इसकी जांच सुप्रीम कोर्ट के जज की निगरानी में होनी चाहिए।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने संगठन की मजबूती, जनहित के मुद्दों एवं उत्तराखंड के राजनीतिक परिदृश्य पर सार्थक चर्चा की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा जनता की आवाज़ बुलंद करने के संकल्प के साथ यह महत्वपूर्ण संवाद संपन्न हुआ।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकसभा के मानसून सत्र के दौरान इस मामले को मजबूती से उठाएगी। वेणुगोपाल ने कहा, उत्तराखंड की जनता सत्ता में बदलाव का मन बना चुकी है।बेरोजगारी, पलायन, भ्रष्टाचार, पेपर में लीक, महिला सुरक्षा सहित कई ऐसे मुद्दे हैं, जिससे लोगों को भाजपा सरकार के खिलाफ गुस्सा है और चुनाव में इसका जवाब देने के लिए तैयार है।
उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में खुद मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं और तमाम मंत्री और विधायक भ्रष्टाचार में संलिप्त हैं। इस मौके पर प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, वियायक प्रीतम सिंह, पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और सीडब्लूसी सदस्य गुरदीप सप्पल मौजूद रहे।
कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं, सभी नेता एकजुट
राष्ट्रीय महासचिव वेणुगोपाल ने कहा, दो दिन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जिला व महानगर अध्यक्षों, अनुषांगिक संगठनों के साथ कई घंटों तक बैठक की। उन्होंने कहा,उत्तराखंड कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है। भाजपा की ओर से कांग्रेस के खिलाफ दुष्प्रचार किया जाता है। पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता एकजुट होकर पीसीसी के साथ काम कर रहे हैं।और चुनाव की लड़ाई लड़ रहे हैं। 2027 में कांग्रेस सत्ता में आएगी।
घोषणा पत्र बनाने को कमेटी हर वर्ग से लेगी राय
कांग्रेस पार्टी आगामी चुनाव के लिए घोषणा पत्र बनाने के लिए कमेटी का गठन करेगी, जो युवाओं, महिलाओं, पूर्व सैनिकों, किसानों, कर्मचारियों के साथ अन्य वर्ग के लोगों से बात कर उनकी राय लेगी। उन्होंने कहा कि लोगों की राय पर पार्टी श्रेष्ठ घोषणा पत्र तैयार करेगी।
कुछ ही दिन में घोषित होगी प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी
राष्ट्रीय महासचिव वेणुगोपाल ने प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी के गठन के सवाल पर कहा, कुछ ही दिन में पीसीसी की घोषणा कर दी जाएगी। माना जा रहा है कि नई दिल्ली जाने के बाद वेणुगोपाल दो-तीन के भीतर पीसीसी घोषित कर सकते हैं। लंबे समय पीसीसी की इंतजार हो रहा है।

