
ऋषिकेश। पौड़ी जिले के अंतर्गत सिरासू पुल के समीप गंगा नदी में स्नान करते समय मेरठ का एक युवक तेज बहाव की चपेट में आ गया। पानी की रफ्तार अधिक होने के कारण युवक देखते ही देखते नदी में बह गया।
हादसा रविवार दोपहर करीब दो बजे का बताया जा रहा है। जिला कंट्रोल रूम टिहरी से सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) ढालवाला के निरीक्षक कवींद्र सजवाण के नेतृत्व में डीप डाइवर्स की एक टीम तुरंत घटना स्थल पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने लाइफ जैकेट और आधुनिक उपकरणों के साथ नदी की संभावित दूरी तक गहन सर्च ऑपरेशन चलाया। हालांकि, रविवार को गंगा का जलस्तर और बहाव काफी अधिक होने के कारण रेस्क्यू टीम को सर्चिंग में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और देर शाम तक युवक का कुछ पता नहीं चल सका।
लापता हुए युवक की पहचान 23 वर्षीय सार्थक पुत्र विनोद कुमार के रूप में हुई है। सार्थक मूल रूप से कंकरखेड़ा (खाकर खेड़ा) बाईपास, मेरठ का रहने वाला था और वर्तमान में गाजियाबाद की एक निजी कंपनी में फाइनेंस विभाग में नौकरी कर रहा था। वह अपने चार अन्य दोस्तों के साथ वीकेंड पर ऋषिकेश घूमने के लिए आया था। पांचों दोस्त सिरासू पुल के नीचे गंगा किनारे बैठे थे, तभी सार्थक नहाने के लिए नदी में उतरा और यह हादसा हो गया।
एसडीआरएफ के अधिकारियों ने बताया कि युवक के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है, जिसके बाद से परिवार में कोहराम मच गया है। रविवार को अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन को रोकना पड़ा था। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें सोमवार सुबह से दोबारा नदी के अलग-अलग घाटों और संभावित इलाकों में सर्चिंग अभियान शुरू कर चुकी हैं। स्थानीय प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे पहाड़ों में हो रही बारिश के कारण उफान पर चल रही नदियों के पास जाने से बचें।

