
ऋषिकेश। मुनि की रेती क्षेत्र में गंगा स्नान के दौरान हरियाणा, रोहतक निवासी 20 वर्षीय युवक अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में बह गया। कुछ ही पलों में वह परिवार की आंखों से ओझल हो गया। इस हादसे ने मौके पर मौजूद लोगों को स्तब्ध कर दिया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, युवक अपने माता-पिता के साथ धार्मिक यात्रा पर ऋषिकेश आया हुआ था। परिवार पवित्र घाट पर स्नान कर रहा था, तभी अचानक गंगा का बहाव तेज हो गया। इसी दौरान युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी की ओर बहता चला गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की और शोर मचाया, लेकिन तेज धारा के सामने सभी प्रयास असफल साबित हुए।
आसपास मौजूद श्रद्धालुओं ने तुरंत पुलिस और राहत दल को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण ने बताया कि युवक की तलाश के लिए गोताखोरों, रेस्क्यू बोट और अन्य संसाधनों की मदद ली जा रही है।
वहीं प्रशासन ने एक बार फिर अपील की है कि गंगा स्नान के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और विशेषकर तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहें। मानसून के दौरान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से ऐसे हादसों का खतरा और अधिक बढ़ जाता है। फिलहाल राहत और बचाव दल की टीम लगातार सर्च अभियान चला रही है, जबकि परिजन घटनास्थल पर डटे हुए हैं और शुभम के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

