
पहाड़ का सच देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को विभिन्न विभागों के 276 युवाओं को नियुक्त पत्र सौंपे तथा नीति माणा पर्यटन सर्किट को बड़ी सौगात दी।
सोमवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्यसेवक सदन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग, प्राविधिक शिक्षा विभाग, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग तथा वन विभाग के अंतर्गत चयनित कुल 276 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें वन विभाग के अंतर्गत 109, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत 88, प्राविधिक शिक्षा विभाग के अन्तर्गत 65 एवं नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग में चयनित 14 अभ्यर्थी शामिल हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी नव चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करना केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि जनसेवा के नए दायित्व की शुरुआत है। वर्षों के परिश्रम, अनुशासन, संघर्ष और धैर्य के बाद युवाओं को यह सफलता प्राप्त हुई है, जो उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास और समर्पण का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं को पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं जवाबदेह बनाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। नकल माफियाओं और भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए राज्य में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। प्रदेश में युवाओं की सफलता का आधार केवल उनकी योग्यता और मेरिट है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में लगभग 33 हजार युवाओं को पूर्ण पारदर्शिता एवं मेरिट के आधार पर सरकारी सेवाओं से जोड़ने का कार्य किया गया है। उन्होंने नवचयनित कार्मिकों से अपेक्षा की कि वे अपनी कार्यकुशलता, ईमानदारी, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के माध्यम से जनसेवा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि व्यवस्था में जब योग्य और कर्मठ युवा आगे आते हैं, तब विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता है।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों में चयनित युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के कार्मिक प्रदेश के सुनियोजित विकास में योगदान देंगे, प्राविधिक शिक्षा विभाग से जुड़े युवा तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास को नई दिशा देंगे, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के कार्मिक मातृ एवं बाल कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों का निर्वहन करेंगे तथा वन विभाग में चयनित युवा राज्य की वन संपदा एवं जैव विविधता के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत, श्रीमती रेखा आर्या, खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक श्रीमती सविता कपूर, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, श्री चन्द्रेश कुमार, डॉ. आर. राजेश कुमार एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
नीति घाटी को बड़ी सौगात, सीमांत पर्यटन विकास हेतु कई महत्वपूर्ण घोषणाएं
जनपद चमोली की नीति घाटी में 31 मई से 2 जून तक आयोजित ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ के पुरस्कार वितरण समारोह में वर्चुअल माध्यम से जुड़ते हुए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्र में पर्यटन विकास को नई गति देने हेतु कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय लोगों की आजीविका सुदृढ़ करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसी क्रम में जनपद चमोली के नीति, मलारी, कोशा, फरकिया, बाम्पा, गुरगुटी, कैलाशपुर एवं महरगांव में सामुदायिक सहभागिता आधारित पर्यटन को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके अंतर्गत सामुदायिक होम स्टे निर्माण के साथ ग्रामीण पर्यटन हेतु आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि नीति घाटी के विभिन्न गांवों एवं प्रमुख पर्यटक स्थलों पर पर्यटकों की सुविधा के लिए साइनज एवं व्यू प्वाइंट विकसित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त जनपद चमोली के रिमखिम एवं बाड़ाहोती क्षेत्र में बॉर्डर टूरिज्म को विकसित करने के उद्देश्य से ‘सीमा दर्शन केंद्र’ का निर्माण किया जाएगा।
धामी ने घोषणा की कि ग्राम गमशाली स्थित दुप्फूधार मैदान में आधारभूत सुविधाओं का विकास कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र में साहसिक पर्यटन एवं बड़े आयोजनों को बढ़ावा मिल सके। इन घोषणाओं से नीति घाटी सहित पूरे सीमांत क्षेत्र में पर्यटन, रोजगार एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों के लिए 191 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों के साथ ही राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास के तहत बाढ सुरक्षा कार्यो, विभिन्न सड़कों एवं शासकीय आवासों के निर्माण तथा सार्वजनिक सुविधाओं से संबंधित योजनाओं के लिए ₹ 191 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने जनपद देहरादून के रायपुर विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत प्रभावित क्षेत्र में सांग नदी के चैनलाईलेशन हेतु ₹ 3.62 करोड़, विकासनगर कॉलोनी में नलकूप निर्माण हेतु ₹ 63.62 लाख स्वीकृत किये जाने के साथ ही जनपद हरिद्वार में पुराना दिल्ली नीतिपास राज्य मार्ग एवं हरिद्वार, शहर लोक निर्माण विभाग के अधीन अन्य आन्तरिक मार्गाे के निर्माण हेतु ₹ 21.64 करोड स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया है।
मुख्यमंत्री द्वारा जनपद टिहरी गढ़वाल के अन्तर्गत बाह्रय न्यायालय नरेन्द्रनगर में तृतीय व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए टाईप-2 के 09 आवासों एवं टाईप-3 के 02 आवासो के प्रथम चरण के कार्यों हेतु लागत ₹ 5.42 लाख, राजकीय विशेष गृह, हरिद्वार परिसर में राजकीय सुरक्षा का स्थान भवन के निर्माण कार्य हेतु ₹ 5.55 करोड़, पर्यटन विभाग के अन्तर्गत, जनपद नैनीताल के विकासखण्ड रामगढ़ में मोहन बाजार मुक्तेश्वर में कार पार्किंग निर्माण हेतु ₹ 9.89 करोड़, कारागार विभाग के अर्न्तगत, सम्पूर्णानन्द शिविर, सितारगंज को पुरानी गौशाला के टिन शैड के निर्माण हेतु धनराशि ₹ 32.74 लाख तथा विधानसभा क्षेत्र सितारगंज के अन्तर्गत निर्माणाधीन पर्वतीय विकास भवन के अवशेष कार्यों को पूर्ण करने हेतु ₹ 80 लाख की धनराशि स्वीकृत किये जाने के साथ ही जनपद बागेश्वर में काण्डा क्षेत्र के अन्तर्गत मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण हेतु ₹ 5.41 करोड़ स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री द्वारा उत्तराखण्ड पावर कॉरपोरेशन को आर०डी०एस०एस० योजना के अन्तर्गत संचालित कार्यों हेतु ₹ 70 करोड़ अवमुक्त किये जाने के साथ ही आस्था पथ परियोजना, ऋषिकेश के सौन्दर्याकरण हेतु ₹ 35.78 करोड स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री द्वारा उत्तराखण्ड पावर कारपोरेशन लिमिटेड के अन्तर्गत निर्माणाधीन योजनाओं हेतु चालू वित्तीय वर्ष में अंशपूजी के रूप में कुल धनराशि ₹ 25 करोड एवं भवनों के ऊपर से गुजरने वाली विभिन्न, विभव (वोल्टेज) की विद्युत लाईनों को शिफ्ट किए जाने हेतु ₹ 5 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री द्वारा कुम्भ मेला-2027 के अन्तर्गत जनपद हरिद्वार में श्री प्रेमनगर आश्रम गंगा घाट का सौन्दर्यीकरण किये जाने हेतु ₹ 1.50 करोड़ तथा वीरभद्र बैराज ऋषिकेश से चंडी घाट हरिद्वार तक सड़क की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य हेतु ₹ 4.68 करोड की धनराशि स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री द्वारा विकासखण्ड कनालीछीना के ग्राम पंचायत सुरूण में कालसीन देवता मन्दिर में धर्मशाला निर्माण एवं मार्ग का चौड़ीकरण एवं सौन्दर्यीकरण हेतु ₹ 27 लाख तथा विकासखण्ड जौनपुर के तहसील नैनबाग के अन्तर्गत ग्राम विरोड़ में स्थित नाग देवता के प्राचीन मन्दिर के नवनिर्माण एवं सौन्दयींकरण हेतु ₹ 49.86 लाख की धनराशि स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।

