
चमोली । जिले के देवाल-वाण मोटरमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार एक इको वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं। बताया जा रहा है कि वाहन में कुल छह लोग सवार थे सभी यात्री बांक गांव के निवासी बताए जा रहे हैं और देहरादून से शव लेकर गांव जा रहे थे। हादसे के समय वाहन देवाल-वाण मोटरमार्ग से गुजर रहा था।
दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना तुरंत पुलिस और प्रशासन को दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल लाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है चिकित्सकों के अनुसार दो घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बांक, लोहाजंग निवासी बलबीर सिंह अपने पारिवारिक सदस्य स्वर्गीय भजन सिंह (जिनका देहरादून में उपचार के दौरान निधन हो गया था) के पार्थिव शरीर को निजी एम्बुलेंस के माध्यम से गांव ला रहे थे। बलबीर सिंह स्वयं वाहन संख्या UK07D-2979 (ईको वैन) से अपने परिजनों के साथ देहरादून से ग्राम बांक, लोहाजंग अंतिम संस्कार के लिए लौट रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक को संभवतः नींद की झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया।
दुर्बघटना में बलबीर सिंह (उम्र 52 वर्ष) पुत्र स्व. नारायण सिंह, निवासी ग्राम बांक लोहाजंग, शांति देवी (उम्र 48 वर्ष) पत्नी स्व. बलबीर सिंह एवं आंशु बिष्ट (उम्र 18 वर्ष) पुत्र बलबीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि कविता देवी (उम्र 32 वर्ष) पत्नी खुशाल सिंह, मयंक सिंह (उम्र 08 वर्ष) पुत्र खुशाल सिंह, रोशनी (उम्र 18 वर्ष) पुत्री लक्ष्मण सिंह घायल हो गए।

