
रुद्रपुर। युवक पर शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण का आरोप लगाते हुए एक युवती अपनी जान देने के उद्देश्य से काशीपुर रोड स्थित फ्लाई ओवर पर चढ़ गई। पीड़िता का आरोप है कि उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी, पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। घटना की सूचना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने पर पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन फानन में पुलिस मौके पर पहुंची।

मामले की जानकारी देते हुए सीओ सिटी रुद्रपुर प्रशांत कुमार ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली की एक युवती गांधी नगर, रुद्रपुर निवासी रिंकू पर उसे शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाने वाली तख्ती हाथ में लेकर काशीपुर फ्लाई ओवर पर खड़ी है। मौके पर पहुंची पुलिस उसे समझा बुझाकर कोतवाली ले आई।
सीओ ने बताया कि युवती का आरोप है कि गांधी नगर, रुद्रपुर निवासी रिंकू ने उसे शादी का झांसा देकर काफी समय से उसका शारीरिक शोषण कर रहा है। मामले में पुलिस द्वारा दोनों की काउंसलिंग की गई है। उन्होंने बताया कि युवती रिंकू के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करना नहीं चाहती है। वह उक्त रिंकू से शादी करना चाहती है।

