
हल्द्वानी। कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने एक बार फिर अपनी ही सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हल्द्वानी में हुई नैनीताल जिला योजना की बैठक में उन्होंने मंच से ही सरकार को आगामी चुनावों को लेकर सीधी चेतावनी दे दी।

चुनाव जीतने के लिए जमीनी काम दिखना जरूरी
बैठक में प्रभारी मंत्री खजान दास और कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा भी मौजूद थे, लेकिन भगत दा ने बिना लाग-लपेट के जल जीवन मिशन की स्थिति को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि योजनाओं का हाल ऐसा रहा तो 2027 के चुनाव में सरकार को मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सिर्फ प्रधानमंत्री का नाम लेने से चुनाव नहीं जीते जा सकते, जमीनी काम दिखना जरूरी है। उनके इस बयान के दौरान मंच पर बैठे मंत्री और अधिकारी चुप नजर आए।
सिर्फ ‘मोदी जी-मोदी जी’ कहने से चुनावी नैया पार नहीं होगी
जिला योजना बैठक में बंशीधर भगत ने जल जीवन मिशन को लेकर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि इस योजना ने जनता के बीच भारी नाराजगी पैदा कर दी है। अगर हालात नहीं सुधरे तो 2027 में सरकार की राह आसान नहीं होगी। उन्होंने दो टूक कहा कि सिर्फ ‘मोदी जी-मोदी जी’ कहने से चुनावी नैया पार नहीं लगेगी, इसके लिए जमीनी स्तर पर काम दिखाना होगा।
कई सालों से कार्य अधूरे
भगत ने योजना के क्रियान्वयन पर सवाल उठाते हुए कहा कि मोहल्लों में सड़कों को खोदकर पाइप तो डाल दिए गए, लेकिन ओवरहेड टैंक बनाने में सालों लग गए। कई जगह तीन-तीन साल से काम अधूरा पड़ा है, जिससे लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।
अधिकारियों नहीं ठहराया जिम्मेदार
बंशीधर भगत ने अधिकारियों को सीधे तौर पर जिम्मेदार नहीं ठहराया। उन्होंने कहा कि अधिकारी काम करना चाहते हैं, लेकिन सबसे बड़ी दिक्कत बजट की कमी है। सड़कों पर गड्ढों के कारण लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने सरकार से इस मुद्दे पर तुरंत संज्ञान लेने की मांग की।
