
जिलों से सचिवालय तक बदलाव, कई अहम पदों पर नई तैनाती

डुंगरियाल को सचिव-अधीनस्थ सेवा चयन आयोग का जिम्मा
पहाड़ का सच देहरादून। उत्तराखंड शासन ने शुक्रवार को बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) के 26 अधिकारियों के तबादले कर दिए। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 द्वारा जारी आदेश के तहत कई जिलों, निदेशालयों और सचिवालय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इस reshuffle में जिला प्रशासन से लेकर आयोगों और निदेशालयों तक व्यापक प्रभाव देखने को मिलेगा।
आदेश के अनुसार, नरेंद्र सिंह को उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलसचिव पद से हटाया गया है, जबकि शिवकुमार बंसल को उसी पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं प्रकाश चंद्र दुम्का को संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। नंदन सिंह डुंगरियाल को सचिव-अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, देहरादून में नई तैनाती दी गई है।
जिला स्तर पर भी बड़े बदलाव किए गए हैं। अवदेश कुमार सिंह को टिहरी गढ़वाल से हटाकर शहरी विकास निदेशालय में संयुक्त निदेशक बनाया गया है, जबकि शैलेन्द्र सिंह को टिहरी गढ़वाल का अपर जिलाधिकारी बनाया गया है। वैभव गुप्ता को हरिद्वार में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) की जिम्मेदारी दी गई है।
हरिद्वार, देहरादून और नैनीताल समेत कई जिलों में डिप्टी कलेक्टर स्तर पर भी फेरबदल हुआ है। रोहित अवस्थी को नैनीताल, हरि गिरि को हरिद्वार, अनुराग आर्य को नैनीताल, रविंद्र जुगलान को देहरादून तथा हिमांशु कफलटिया को उधमसिंह नगर में डिप्टी कलेक्टर के रूप में तैनात किया गया है।
इसके अलावा प्रेमलाल को उत्तरकाशी, यशवीर सिंह को चमोली, मुकेश चंद्र रमोला को देहरादून, विपिन चंद्र पंत को चंपावत तथा सुनील कुमार को भी चंपावत भेजा गया है। पंकज भट्ट को टिहरी गढ़वाल में नई जिम्मेदारी दी गई है।
शासन ने स्पष्ट किया है कि सभी संबंधित अधिकारी तत्काल प्रभाव से अपने वर्तमान पदों का कार्यभार छोड़कर नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करेंगे और इसकी सूचना शासन को उपलब्ध कराएंगे।



