
देहरादून। हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा ने एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के डीएवी कॉलेज में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान हरियाणवी गायक मासूम शर्मा का एक विवादित वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में गायक मंच से गाना गाते-गाते अचानक अभद्र भाषा और गालियों का प्रयोग करते नजर आ रहे हैं, जिससे कार्यक्रम में मौजूद छात्रों और आयोजकों के बीच असहज स्थिति बन गई।

इस दौरान, मासूम ने मंच से कहा कि “कोई गुंडा मुझे मारने के लिए आया था। मैंने उसे कहा कि मैं देहरादून में प्रोग्राम कर रहा हूं, अगर तेरे में दम है तो यहां आ। हरियाणा छोड़कर यहां आ, टाइम रख ले।” इस दौरान मासूम ने मंच से ही भद्दी – भद्दी गालियां भी दीं।
इस दौरान विधायक उमेश कुमार शर्मा ने बात संभालने की कोशिश भी की
इस लाइव प्रोग्राम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद थे। उनके जाने के बाद मासूम शर्मा मंच पर भड़क गए, जिसका वीडियो भी सामने आया। विवाद के बाद मासूम ने वीडियो जारी कर घटना के बारे में बताया और माफी भी मांगी। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि वह बदमाश कौन है
मासूम शर्मा ने वीडियो जारी कर मांगी माफी
मासूम शर्मा ने वीडियो जारी कर कहा, “मैं शो करने के लिए देहरादून आया हुआ था और पिछली रात से यहीं एक होटल में रुका हुआ था। यहां एक बदमाश चक्कर काट रहा था। मेरी टीम ने भी मुझे इस बारे में बताया था, लेकिन पहले मुझे लगा कि वह यूं ही घूम रहा है।”
मासूम ने आगे कहा कि एक घंटे बाद, अमेरिका से मेरे चाचा के बेटे का फोन आया। उस बदमाश ने उसे फोन करके उल्टा-सीधा बोला। इसके बाद, मैं और मेरी टीम रात भर सो नहीं पाए। रात भर हमें इसी बात का स्ट्रेस रहा। फिर मैंने उसे फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। वही गुस्सा मेरा स्टेज पर निकल गया। अगर किसी भी भाई या बहन को मेरे शब्दों से ठेस पहुंची हो, तो मैं माफी मांगता हूं।
सोशल मीडिया पर लोगों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
यह वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं आने लगीं. कई यूजर्स ने इसे सार्वजनिक मंच पर अनुचित आचरण बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है, खासकर इसलिए क्योंकि यह घटना एक शैक्षणिक संस्थान के परिसर में हुई, जहां बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे।
पुलिस ने कहा कि, की जा सकती है कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि यदि वीडियो में दिखाई गई गतिविधियां सही पाई जाती हैं, तो सार्वजनिक स्थल पर अभद्रता फैलाने और शांति भंग करने के आरोप में कार्रवाई की जा सकती है। इसके साथ ही आयोजकों से भी पूछताछ की जा सकती है कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और अनुशासन के क्या इंतजाम किए गए थे।
विवादों से है पुराना नाता
बताया जा रहा है कि यह पहला मौका नहीं है जब मासूम शर्मा का नाम किसी विवाद से जुड़ा हो। इससे पहले भी उन पर मंच से अभद्र व्यवहार करने के आरोप लग चुके हैं, जिसके चलते वह कई बार चर्चाओं में रहे हैं। हालांकि इस बार मामला शैक्षणिक संस्थान से जुड़ा होने के कारण अधिक संवेदनशील हो गया है।
सार्वजनिक मंचों पर कलाकारों की क्या है जिम्मेदारी ?
यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि सार्वजनिक मंचों पर कलाकारों की जिम्मेदारी और आचरण कितना महत्वपूर्ण है, खासकर जब उनके सामने युवा दर्शक मौजूद हों।
