
भीमताल। भवाली सेनेटोरियम नैनीबैंड बाईपास पर शुक्रवार को दो कारों की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में एक कार अनियंत्रित होकर करीब 25 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी रेफर किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, रानीखेत से हल्द्वानी की ओर जा रही बलेनो कार और कैंची धाम की ओर जा रही स्विफ्ट कार के बीच नैनीबैंड बाईपास के पास जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बलेनो कार सड़क किनारे सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए सीधे 25 मीटर नीचे खाई में जा समाई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही भवाली पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से खाई में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायल युवक दीपक बिष्ट, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम खनिया, रानीखेत को बाहर निकाला गया।
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बताया कि युवक को गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है।
हादसे के बाद स्थानीय निवासियों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि खतरनाक मोड़ों पर सुरक्षा मानकों की कमी के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से इन मोड़ों पर क्रैश बैरियर और सतर्कता बोर्ड बढ़ाने की मांग की है।
