
देहरादून। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की जिला कार्यकारिणी के चुनाव सोमवार को संपन्न हो गए। डॉ. महेश कुड़ियाल को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया। साथ ही कोषाध्यक्ष डॉ. राहुल अवस्थी को बनाया गया।

चुनाव अधिकारी डॉ. किरण कुमार कालरा ने कहा कि जिस तरह से चुनाव निर्विरोध संपन्न हुए हैं यह संगठन की एकजुटता को दर्शाता है। चुनाव में संगठन के करीब 600 सदस्यों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. महेश कुड़ियाल ने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए गर्व के साथ साथ एक बड़ी चुनौती भी है। वे पूरी निष्ठा से सभी सदस्यों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। .उन्होंने कहा कि आईएमए आने वाले समय में सरकार और समाज के बीच सेतु के रूप में कार्य करते हुए जन स्वास्थ्य को मजबूत बनाने, गरीबों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने और डॉक्टरों के अधिकारों की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन आपातकालीन स्थितियों व स्वास्थ्य सुधार की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएगा। वहीं, डॉ प्रवीन जिंदल को अध्यक्ष के रूप में नामित किया गया। इन्हें अगली कार्यकारिणी में शामिल किया जाएगा। डॉ राजीव दीक्षित उपाध्यक्ष, डॉ. अंकित परासर मानद सचिव और डॉ. सिद्धांत खन्ना को संयुक्त सचिव चुना गया।
