
देहरादून। आर्केडिया ग्रांट के अंतर्गत वार्ड नंबर 93 क्षेत्र के बनियावाला में सड़कों का बहुत बुरा हाल है। सड़क के खड्डों के कारण आम लोगों का सड़कों पर चलना दूभर हो गया है। खड्डों के कारण छोटी मोटी दुर्घटनाएं आम हो गई हैं।

बताते चलें कि 8 दिसंबर 2025 को नगर निगम देहरादून के 27वें स्थापना दिवस के अवसर पर बनियावाला के जोनल कार्यालय में निगम जनता के द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, आयुक्त नमामि बंसल, वार्ड 93 और वार्ड 92 के पार्षद सहित निगम के कई अधिकारी भी शामिल हुए थे।

उसमें जनता ने अपनी समस्याओं से जनप्रतिनिधियों को अवगत करवाया था, और खुद निगम मेयर और आयुक्त ने जनता को आश्वासन दिया था कि जल्द ही सारी समस्याओं का समाधान किया जाएगा, पर आज तीन महीने से ऊपर हो गए हैं पर एक भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। इससे स्थानीय निवासियों में जबरदस्त रोष बना हुआ है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि बनियावाला के आसपास की सभी सड़कों के खड्डे भरे जा चुके हैं और कई विशेष क्षेत्र में तो तब से कई बार सड़क के कार्य भी हो चुके हैं, वहां नियमित साफ सफाई भी होती है, पर बनियावाला की जानबूझकर अनदेखी की जा रही है। जल निगम वाले भी पानी का कनेक्शन देते समय उपभोक्ता से सड़क मरम्मत का पूरा पैसा ले लेते हैं, पर कनेक्शन देने के बाद खड्डा ऐसे ही छोड़ देते हैं।
बनियावाला में काफी संख्या में पूर्व सैनिक भी निवास करते हैं, उन्होंने भी कई बार वार्ड पार्षद से सड़क के बारे में बात की पर कुछ संतोषजनक जवाब नहीं मिल पाया। लोगों का कहना है कि निगम बनकर यहां के लोगों को क्या फायदा हुआ है, पहले ग्राम प्रधान कम से कम आम जनता की बात सुन तो लेते थे, पर अब तो वो भी मुश्किल हो गया है। क्या हमने इसी लिये ट्रिपल इंजन की सरकार को चुना है।
