
गैरसैंण। भराडीसैण में विधानसभा का बजट सत्र शुरू होने से पहले ही कांग्रेस विधायकों ने सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी और प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस विधायक धरने पर भी बैठे रहे।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक हाथों में तख्तियां लेते हुए विधानसभा भवन की ओर बढ़े। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन कर गुस्से का इजहार किया। इसके बाद विधानसभा परिसर में ही कांग्रेस विधायक धरने पर बैठ गए। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि बजट पर लंबी होनी चाहिए। इसके लिए उन्होंने व्यंग कसते हुए कहा कि भाजपा सरकार को ट्रंप से अनुमति लेकर सत्र को 30 दिन चलाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह भी समझ से परे है कि विधानसभा में प्रश्नकाल वाला सोमवार कब आए। उन्होंने भ्रष्टाचार पर भी सरकार को कटघरे में खड़ा किया और बेरोजगारी तथा मंहगाई के सवाल पर सरकार को आड़े हाथों लिया। बिजली के बिल हाफ करने और सरचार्ज को माफ करने का मामला भी इस दौरान तेजी से उछाला गया। इसके बाद विधानसभा सत्र शुरू होते ही विधायक सदन में पहुंचे।
