
उत्तरकाशी। जनपद के तहसील पुरोला अंतर्गत नौगांव – पुरोला मार्ग पर ग्राम सोन्दाड़ी के पास रविवार देर रात एक बोलेरो वाहन गहरी खाई में गिर गया। हादसे में वाहन सवार चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस व राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया।
मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 15 फरवरी 2026 को रात्रि लगभग 10:45 बजे बोलेरो वाहन संख्या यूके-07-3400 लाखामंडल से मोरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान ग्राम सोन्दाड़ी के समीप वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर 108 आपातकालीन सेवा के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुरोला पहुंचाया गया।
घायलों में हिमांशु रावत (18 वर्ष) पुत्र मनोज रावत, निवासी ग्राम कुनार, तहसील मोरी, रितिक रावत (18 वर्ष) पुत्र किनाब सिंह रावत, निवासी ग्राम सालरा, चुनू (16 वर्ष) पुत्र प्रताप कुवर, निवासी ग्राम भितरी, अभिषेक (18 वर्ष) पुत्र नामालूम, निवासी ग्राम कोटगांव, तहसील मोरी, चिकित्सकों के अनुसार दो घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुरोला में चल रहा है, जबकि दो की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें दून अस्पताल रेफर किया गया है।

