
हरिद्वार से डोबाल दून के व नवनीत हरिद्वार के एसएसपी बने,गणपति यूएसनगर भेजे गए, अजय सिंह फिर STF में
एसडीआरएफ, पीटीसी और अभिसूचना इकाई में भी नई तैनातियां
पहाड़ का सच देहरादून। राज्य के कई जिलों में लगातार बढ़ रही आपराधिक वारदातों को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया है। हाल ही की वारदातों में सुखियों में रहे देहरादून व उधम सिंह नगर के पुलिस प्रमुखों को हटा दिया गया है। इस फेरबदल में सात जिलों के कप्तान बदले गए हैं।
शुक्रवार को सचिव गृह शैलेश बगोली की ओर से जारी आदेश के अनुसार राज्य पुलिस सेवा और भारतीय पुलिस सेवा के कुल 20 अधिकारियों के तबादले और नई तैनातियां की गई हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। शासन ने अधिकारियों को शीघ्र कार्यभार ग्रहण कर इसकी सूचना पुलिस मुख्यालय के माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
जारी सूची के अनुसार एसडीआरएफ में तैनात पुलिस उपमहानिरीक्षक श्रीमती निवेदिता कुकरेती को पुलिस महानिरीक्षक, एसडीआरएफ के पद पर तैनाती दी गई है। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतर्कता मुख्यालय प्रहलाद नारायण मीणा को पुलिस उपमहानिरीक्षक, सतर्कता मुख्यालय बनाया गया है।
जनपद स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार प्रमेन्द्र डोबाल को देहरादून का एसएसपी बनाया गया है, जबकि देहरादून के एसएसपी अजय सिंह को एसटीएफ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। .एसटीएफ में तैनात नवनीत सिंह को हरिद्वार का नया एसएसपी बनाया गया है। चम्पावत के पुलिस अधीक्षक अजय गणपति कुमार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधमसिंहनगर बनाया गया है।
उधमसिंहनगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा को पुलिस अधीक्षक, अभिसूचना की जिम्मेदारी दी गई है। अभिसूचना में तैनात प्रदीप कुमार राय को पुलिस अधीक्षक, सीबीसीआईडी बनाया गया है। .इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक (क्षेत्रीय) अभिसूचना देहरादून अमित श्रीवास्तव को सेनानायक, आईआरबी प्रथम रामनगर नियुक्त किया गया है।रुद्रप्रयाग के पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे को पिथौरागढ़ भेजा गया है, जबकि पिथौरागढ़ की पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा यादव को चम्पावत का दायित्व सौंपा गया है। बागेश्वर के पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर आर. घोडके को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा बनाया गया है।
अल्मोड़ा के एसएसपी देवेंद्र पींचा को 31वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर का सेनानायक नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त उधमसिंहनगर में अपराध एवं यातायात की पुलिस अधीक्षक श्रीमती निहारिका तोमर को रुद्रप्रयाग का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। हरिद्वार में अपराध एवं यातायात के पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार मेहरा को बागेश्वर भेजा गया है। हरिद्वार के पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र चौधरी को उधमसिंहनगर में अपराध एवं यातायात का दायित्व सौंपा गया है, जबकि हरिद्वार की पुलिस अधीक्षक सुश्री निशा यादव को अपराध एवं यातायात, हरिद्वार की जिम्मेदारी दी गई है।
सीआईडी में तैनात अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर को कोटद्वार, पौड़ी गढ़वाल भेजा गया है। वहीं कोटद्वार के अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रमोहन सिंह को पुलिस अधीक्षक (क्षेत्रीय) अभिसूचना, देहरादून नियुक्त किया गया है।
शासन के निर्देशानुसार सभी अधिकारी तत्काल प्रभाव से अपनी नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करेंगे। इस व्यापक फेरबदल को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


