
रेंज के सभी पुलिस प्रमुखों ने भी अपने क्षेत्र में दी गश्त
सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त करने के निर्देश
पहाड़ का सच, नैनीताल। कुमाऊं परिक्षेत्र में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए के लिए चलाए जा रहे विशेष सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल रात में खुद गश्त पर निकली। उन्होंने गुरुवार, शुक्रवार की देर रात्रि पुलिस नैनीताल के हल्द्वानी क्षेत्र में विभिन्न नाकों, पुलिस बैरियरों एवं चौकी क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। आई जी के निर्देश पर रेंज के सभी जिला पुलिस प्रमुखों ने अपने क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार निरीक्षण के दौरान आईजी द्वारा स्वयं वाहनों की चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन, ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों की उपस्थिति एवं कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की गई। नाकों एवं बैरियरों पर आगन्तुकों/वाहनों की आवाजाही से संबंधित रजिस्टरों का परीक्षण किया गया, जिसमें प्रविष्टियों के संधारण में कई खामियां पाई गईं। संबंधित थाना प्रभारी को कड़े शब्दों में निर्देशित किया गया कि समस्त रजिस्टर तत्काल प्रभाव से अध्यावधित कर पूर्ण विवरण सहित एक दिवस के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि कुछ चौकी क्षेत्रान्तर्गत स्थापित सीसीटीवी कैमरे खराब अवस्था में थे, जिनकी सूचना न तो चौकी प्रभारी द्वारा थाना प्रभारी को दी गई और न ही सर्किल अधिकारी को अवगत कराया गया। इस गंभीर लापरवाही पर आईजी ने कड़ी आपत्ति जताते हुए स्पष्ट किया कि निगरानी तंत्र में किसी भी प्रकार की ढिलाई अस्वीकार्य है। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता तत्काल सुनिश्चित कर उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
इसके अतिरिक्त गश्त पर तैनात कर्मचारियों के पास बीट बुक / ई-बीट बुक तथा वायरलेस सेट उपलब्ध नहीं पाए गए, आईजी ने घोर आपत्ति व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक गश्ती कर्मचारी के पास बीट बुक अथवा ई-बीट बुक अनिवार्य रूप से उपलब्ध हो।

बीट बुक / ई-बीट बुक में क्षेत्र में किए गए सत्यापन, संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी एवं आगन्तुकों का पूर्ण विवरण नियमित रूप से अंकित किया जाए। गश्ती ड्यूटी के दौरान वायरलेस सेट के माध्यम से सतत संपर्क एवं सूचना संप्रेषण सुनिश्चित किया जाए।
आईजी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नाके, बैरियर, सीसीटीवी निगरानी एवं बीट प्रणाली पुलिसिंग की आधारभूत और अत्यंत महत्वपूर्ण कड़िया हैं। इनमें किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
पुलिस परिक्षेत्र में कानून-व्यवस्था, सतर्कता, जवाबदेही एवं जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वाहन चैकिंग के दौरान आईजी द्वारा कई ओवरलोड वाहनों को सीज करवाया गया।
पुलिस महानिरीक्षक रिद्धिम अग्रवाल के निर्देश पर परिक्षेत्र के समस्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकार्यों द्वारा अपने-अपने जनपदों में विभिन्न नाकों, पुलिस बैरियरों एवं चौकी क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान रात्रि ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की सतर्कता एवं मुस्तैदी का परीक्षण किया गया। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की गई। अधिकारियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्थाओं, गश्त व्यवस्था, अभिलेखों के रख-रखाव एवं संचार तंत्र का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें कर्तव्य के प्रति सजग, संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध रहने हेतु प्रेरित किया गया। पुलिस महानिरीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु निरंतर सघन चेकिंग अभियान संचालित किए जाएं तथा आमजन में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ की जाए। परिक्षेत्र पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।

