
देहरादून। दून के तिब्बती मार्केट के सामने दिन दहाड़े हुए हत्याकांड में दून पुलिस को तड़के सुबह बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई मुठभेड़ में हत्याकांड के मुख्य शूटर और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया।
मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उनके पास से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की है।
हत्याकांड के बाद शहर से लेकर देहात तक सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। सभी थाना क्षेत्रों में नाकेबंदी कर बदमाशों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान संचालित किया गया।
पुलिस के अनुसार, नाकेबंदी के दौरान रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में एक संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया। बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी पलटवार किया। मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए कोरोनेशन (कॉरपोरेशन) चिकित्सालय भेजा गया।
दूसरी कार्रवाई लालतप्पर पुलिस चौकी क्षेत्र में हुई। चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार बदमाश को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भागकर पास की एक खंडहर फैक्ट्री में घुस गया और पुलिस पार्टी पर फायरिंग करने लगा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे भी दबोच लिया। इस मुठभेड़ में भी आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी।
एसएसपी अजय सिंह बताया है कि देहरादून पुलिस ने हत्याकांड में अलग-अलग जगहों पर हुए मुठभेड़ के बाद दमाशों को गिरफ्तार किया है। फायरिंग में दोनों बदमाशों को गोली लगी है। बदमाशों को अलग-अलग थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया. साथ ही कोरोनेशन अस्पताल पहुंचकर घटना के संबंध में जानकारी ली गई। बदमाशों का अस्पताल इलाज में कराया जा रहा है और बदमाशों से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की गई। पूछताछ में बदमाशों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस द्वारा बदमाशों से लगातार पूछताछ जारी है।

