
देहरादून। देहरादून के अत्यंत व्यस्त बाजार क्षेत्र में बुधवार सुबह दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। तिब्बती मार्केट और परेड ग्राउंड के समीप सरेआम युवक के सीने में गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है, जो जीएमएस रोड स्थित भारत गैस एजेंसी के संचालक बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वह परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने आए थे। वापस लौटते समय स्कूटी सवार दो युवकों ने उन पर फायरिंग कर दी। सबसे हैरानी की बात यह है कि जहां वारदात हुई, वहां से पुलिस मुख्यालय महज 500 मीटर तथा देहरादून प्रेस क्लब चंद कदम की दूरी पर स्थित है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना कोतवाली डालनवाला क्षेत्र की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी स्कूटी पर सवार होकर आए और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए।
घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए शहर के प्रमुख चेक पोस्टों पर चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है। फिलहाल, हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

