
पहाड़ का सच/एजेंसी।

सहारनपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के वरिष्ठ और कर्मठ प्रचारक आनंद कुमार अग्रवाल का सोमवार दोपहर सहारनपुर में हृदयगति रुक जाने से आकस्मिक निधन हो गया। आनंद जी वर्तमान मे पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के संपर्क प्रमुख के दायित्व का निर्वहन कर रहे थे। वह सहारनपुर में चल रहे प्राथमिक शिक्षा वर्ग मे प्रवास पर थे। उनका अंतिम संस्कार दिनांक 23 दिसंबर मंगलवार को प्रातः 11 बजे आगरा के ताजगंज मे किया गया।
68 वर्षीय आनंद जी मूल रूप से आगरा के निवासी थे और वर्तमान में उनका केंद्र गाजियाबाद था। उनके निधन की सूचना मिलते ही संघ, भाजपा और विभिन्न हिंदू संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई।
वरिष्ठ प्रचारक पद्म सिंह ने जानकारी दी कि सहारनपुर में संघ का ‘प्राथमिक शिक्षा वर्ग’ चल रहा है, जिसमें रविवार को आनंद जी का बौद्धिक संबोधन था। सोमवार को वे संघ के नगर संपर्क प्रमुख मोहित गुप्ता के साथ स्कूटी पर नगर भ्रमण के लिए निकले थे। अचानक स्कूटी पर ही उनका शरीर एक ओर ढल गया। मोहित गुप्ता ने तुरंत सहयोगियों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुँचाया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आनंद कुमार अग्रवाल की जीवन यात्रा प्रेरणादायी रही। चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) की डिग्री हासिल करने के बाद, स्वर्गीय अधीश भटनागर की प्रेरणा से उन्होंने सांसारिक सुखों का त्याग कर अपना पूरा जीवन राष्ट्र कार्य के लिए संघ को समर्पित कर दिया। उनकी सादगी, बौद्धिक क्षमता और संगठनात्मक कौशल की पूरे संघ परिवार में गहरी छाप थी।
