

उत्तरकाशी। जिले के मनेरी थाना क्षेत्र के बयाणा गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। मिली जानकारी के अनुसार 32 वर्षीय विष्णु चौहान ने अपनी 28 वर्षीय पत्नी वर्षा की हत्या कर दी। इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर बयाणा गांव से उन्हें एक महिला का फौन आया कि उसकी देवरानी बाथरूम में बेहोश पड़ी है और उसका देवर घर पर नहीं है। जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वर्षा के गले पर चुन्नी से गला घोंटने के निशान मिले हैं। इसके साथ ही शरीर पर कई गंभीर चोटों के भी निशान हैं।
मायके पक्ष से पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश भी शुरू कर दी है। मृतका के पिता चत्तर सिंह पंवार ने बताया कि पहले भी बेटी और दामाद के बीच झगड़ा हुआ था। पहले भी वो वर्षा के साथ मारपीट कर चुका है। लगभग छह महीने पहले वर्षा के साथ मारपीट के बाद मामला मनेरी थाने में भी पहुंचा था। जिसके बाद वर्षा अपने मायके में रह रही थी। लेकिन पंचायत चुनाव से ठीक पहले बातचीत के बाद वर्षा अपने दो बच्चों को लेकर वापस पति के पास रहने के लिए आ गई थी।