

रुद्रप्रयाग। जनपद के जखोली ब्लॉक के भुनालगांव में भालू के हमले से गंभीर रूप से घायल हुईं दो महिलाओं को बेस अस्पताल श्रीनगर में भर्ती कराया गया था। पांच दिन के इलाज के बाद दोनों महिलाएं स्वस्थ होकर बुधवार को अस्पताल से घर लौट गईं हैं।

भालू के हमले में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल, हेली सेवा से भेजा गया हॉस्पिटल
बताते चलें कि 6 सितंबर, को 65 वर्षीय बुरांशी देवी और 55 वर्षीय शशि देवी गांव के पास खेतों में गई थीं, तभी अचानक एक भालू ने उन पर हमला कर दिया था। दोनों महिलाओं ने हिम्मत नहीं हारी और कुदाल व दरांती से भालू पर पलटवार किया, जिससे भालू मौके से भाग गया। इस संघर्ष में दोनों के हाथ, पैर, सिर, आंख और कान पर गंभीर चोटें आईं थीं।
घटना की जानकारी मिलते ही रुद्रप्रयाग प्रशासन ने तुरंत हेलीकॉप्टर से दोनों महिलाओं को रुद्रप्रयाग अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया गया, जहाँ सर्जरी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. लक्ष्मण यादव की देखरेख में उनका इलाज शुरू हुआ।
बेस अस्पताल में करीब पांच दिन तक लगातार इलाज चला। इस दौरान महिलाओं के सीटी स्कैन सहित सभी जरूरी जांचें की गईं। घायल शशि देवी की आँख और कान की चोट का इलाज संबंधित विभाग के वरिष्ठ डॉक्टरों ने किया, जबकि बुरांशी देवी की अन्य गंभीर चोटों का उपचार सर्जरी टीम ने किया।