
पहाड़ का सच/एजेंसी।

राजस्थान। दौसा जिले में खाटू श्याम मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में कुल 10 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 7 बच्चे और 3 महिलाएं शामिल हैं। इस हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं। घायलों को जयपुर अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सभी मृतक खाटू श्याम दर्शन करने के लिए गए थे। दर्शन कर वापस आने के दौरान श्रद्धालुओं का पिकअप ट्रक दौसा में हादसे का शिकार हो गया। हादसे में पिकअप में सवार 7 बच्चों और 3 महिलाओं की भी जान चली गई।
स्थानीय लोगों ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार को सुबह श्रद्धालुओं का पिकअप ट्रक खाटू श्याम की तरफ से आ रहा था। इस दौरान दौसा में एक बड़े ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि 7 बच्चों समेत 10 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस मामले की जानकारी देते हुए एसपी सागर राणा ने बताया कि खाटू श्याम मंदिर से आ रहे श्रद्धालुओं के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी। अब तक 10 लोगों के हताहत होने की खबर है। इस हादसे में घायल हुए करीब 7-8 लोगों को जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया है।
