
पहाड़ का सच उत्तरकाशी।
जनपद के पुरोला विकासखंड के पुजेली गांव के कुमोला तोक में घास काटने गई एक महिला पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो गुलदार भाग गया। ग्रामीणों ने महिला को अस्पताल पहुंचाया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद घायल को हायर सेंटर रेफर किया गया।

मिली जानकारी के अनुसार पुजेली निवासी उर्मिला देवी पत्नी चंद्रमोहन नौटियाल गांव के समीप ही सेब के बगीचों में घास काटने गई थी। वहीं आसपास मजदूर सेब तुड़ान का कार्य कर रहे थे। घात लगाए गुलदार ने अचानक उर्मिला पर हमला कर दिया। हमले में महिला के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। आसपास मौजूद लोगों ने किसी प्रकार शोर मचाकर गुलदार को भगाया। वहीं उसके बाद घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर किया गया।
घटना के बाद पुजेली क्षेत्र में दहशत का माहौल है। आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने और स्थायी समाधान की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने तत्काल घटनास्थल का मुआयना किया और क्षेत्र में गश्त व कॉम्बिंग अभियान शुरू कर दिया है। वन विभाग ने ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं से अपील की है कि वे जंगलों में घास काटने या अन्य कार्यों के लिए समूह में जाएं और पूरी सावधानी बरतें।
