– उत्तराखंड में चुनावी शंखनाद: बूथ लेवल पर जुटने से ही जीत मिलेगी
– राहुल गांधी को सता रही है भाजपा,हम डरने वाले नहीं
.कांग्रेस को भाजपा से देशभक्ति का पाठ सीखने की जरूरत नहीं
– अंकिता भंडारी हत्याकांड, अग्निवीर, जोशीमठ आपदा का मुद्दा उठाया
पहाड़ का सच,देहरादून।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि एक बार फिर धर्म के नाम पर देश के लोगों को बरगलाने की कोशिश की जा रही है जो देश व समाज की तरक्की के लिए उचित नहीं है। खड़गे ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए लोकसभा चुनाव का शंखनाद किया। उन्होंने अपने भाषण में अंकिता भंडारी मर्डर, अग्निवीर व जोशीमठ आपदा का भी जिक्र किया।
राजधानी के बन्नू स्कूल के मैदान ने कार्यकर्ता सम्मेलन में खड़गे ने कार्यकर्ताओं को मेहनत से चुनाव में जुटने की अपील की। उन्होंने भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। खड़गे ने कहा कि एकजुट होकर बूथ लेवल पर काम करने से ही जीत हासिल होगी। उन्होंने अपने भाषण में फौजी बहुल उत्तराखण्ड में भाजपा की अग्निवीर योजना की जमकर आलोचना की और कहा कि अग्निवीर योजना में चार साल के बाद युवा सड़क पर आएगा। नौजवानों के पास नौकरी नहीं, भाजपा युवाओं के साथ धोखा कर रही है, युवाओं को तंग कर रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश में नौकरियों के 30 लाख पद रिक्त हैं। नौकरी प्राप्त युवाओं के साथ फोटो खिंचवाने से बेहतर है कि पीएम मोदी इन रिक्त पदों पर नौकरी दें। उन्होंने कहा कि भाजपा के 2 करोड़ नौकरी व बैंक खाते में 15 लाख रुपए आने के वादे जुमले साबित हुए। यही झूठ पीएम मोदी की गारंटी है।
अपने सम्बोधन में खड़गे ने अंकिता भण्डारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कई सवाल किए। उन्होंने कहा कि सरकार ने हत्याकांड से जुड़े सभी सबूत नष्ट कर दिए। यह हत्याकांड किसने किया, अभी तक यह केस अंधेरे में रखा गया है।खड़गे ने कहा कि भाजपा पार्टी की यात्रा में दक्षिण में कोई बाधा नहीं आयी , लेकिन भाजपा राहुल गांधी को सताने में लगी है। आसाम में भाजपा की सरकार है। वहां प्रवेश करते ही भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर पत्थर मारे गए, पोस्टर फाड़े, लेकिन इससे हम डरेंगे नहीं।
उन्होंने कहा कि भाजपा के सपने में रोज नेहरू जी आते हैं लेकिन राहुल गांधी तो इन्हें सोने ही नहीं दे रहे। अब पीएम मोदी विष्णु के 11वें अवतार घोषित करने पर तुले हैं। धर्म के नाम पर जनता को बरगलाने की कोशिश फिर शुरूहो गयी है। फौजी देश की सीमा पर खड़े होकर देश को बचाते हैं लेकिन पीएम मोदी देश को बचाने का क्रेडिट स्वंय ही ले रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासन में संविधान व लोकतंत्र को बचाया। इसीलिए मोदी भी पीएम बन पाए।
कांग्रेस ने देश के लिए दी कुर्बानी
खड़गे ने कहा कि देश की एकता के लिये इंदिरा,राजीव गांधी ने जान दी। आजादी में कांग्रेस नेता जेल में रहे। भाजपा विचारधारा के कितने नेता आजादी के आन्दोलन में शहीद हुए या जेल गए। कांग्रेस के लोग घर छोड़ सड़क पर आए। फांसी पर चढ़े। कांग्रेस को भाजपा से देशभक्ति का पाठ सीखने की जरूरत नहीं। भाजपा के लोग ब्रिटिश काल में सरकारी नौकरी कर रहे थे। गांधी जी ने 1942 का आंदोलन चलाया और ये लोग ब्रिटिश सरकार से सरकारी नौकरी मांग रहे थे।
पार्टी की उपलब्धि बताई
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पंडित नेहरू ने आधुनिक भारत का नारा देते हुए कल कारखाने खोले। हरित क्रांति की। कांग्रेस ने nit aiims iim, भेल, HAL BEL, ongc, Gail, Sail का निर्माण किया। मनरेगा, खाद्य सुरक्षा, आरटीआई योजनाएं दी। कांग्रेस के राज में गैस सिलिंडर 400 रुपए था। आज 1000 हो गया। महंगाई में देश को डुबो रहे हैं। भाजपा सिर्फ धर्म के नाम पर वोट ले रही है और देश को बेच रही है।
विदेश नीति कठघरे में
खड़गे ने पाक व चीन के साथ पीएम मोदी के रिश्तों पर भी प्रहार किए। उन्होंने कहा कि चीन अरुणाचल व लद्दाख में कब्जा कर रहा है और एक समय पीएम मोदी चीन के शासकों के साथ झूला झूल रहे थे। उन्होंने कहा कि आजकल मोदी जी से हेलीकॉप्टर में चढ़ने व उतरने की परमिशन लेनी पड़ती है। ये लोग हमारे कार्यक्रमों में बाधा डालते हैं।
कार्यकर्ता सम्मेलन ने प्रभारी कुमारी शैलजा, पूर्व सीएम हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश अध्यक्ष करण मेहरा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह ,हरक सिंह रावत,तिलकराज बेहड़, शूरवीर सिंह सजवाण, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल , प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन मथुरा दत्त जोशी, पार्टी विधायक समेत कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे। सम्मेलन का संचालन उपाध्यक्ष सूर्यकान्त धस्माना ने किया। सम्मेलन में 13 जिलों से सैकड़ों कार्यकर्ता नारेबाजी करते नजर आए।