पहाड़ का सच देहरादून।
नौ नवंबर को दून के रिलायंस ज्वैल शो रूम में दिन दहाड़े करोड़ों की डकैती का अभियुक्त बिहार से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार बदमाश का नाम अभिषेक उर्फ अखिलेश है। वह वैशाली का रहने वाला है। और डकैती के समय सोना बैग में भरते हुए सीसीटीवी में कैद हुआ था। अभियुक्त से गोपनीय स्थान पर विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
रायगंज (पश्चिम बंगाल) के रिलायंस ज्वैलरी शोरूम में 30 करोड़ की डकैती में भी इस अभियुक्त की अहम भूमिका के सबूत मिले हैं। डकैती से जुड़े अभियुक्त व संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद दून पुलिस के सामने करोड़ों के जवाहरात की बरामदगी व अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी मुख्य चुनौती बनी हुई है। इस डकैती में बिहार के सुबोध गैंग की मुख्य भूमिका मानी जा रही है।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति मुर्मू राज्य स्थापना दिवस समारोह में हिस्सा लेने दून आई हुई थी। इसी बीच, बदमाशों ने सुबह 10.30 बजे राजपुर रोड स्थित रिलायंस के ज्वैल शो रूम में करोड़ों का हीरा सोना लूट कानून व्यवस्था को कड़ी चुनौती दे भाग निकले थे।
सीएम धामी ने पूरे मामले में जिम्मेदारी फिक्स करने के आदेश भी दिए थे। इधर, अभियुक्त की गिरफ्तारी के बाद एसएसपी अजय सिंह एक बार फिर वैशाली पहुंच गए हैं।
घटना में शामिल अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पश्चिम बंगाल व झारखंड में मौजूद टीमों द्वारा देर रात कोलकाता तथा रांची में अभियुक्तों के संदिग्ध ठिकानों पर दबिशें दी गई तथा आज दिनांक 22/11/23 को बिहार में मौजूद पुलिस टीमों द्वारा अभियुक्तों की तलाश हेतु बिहार के कई स्थानों पर एक साथ दबिशें देते हुए पटना के पास स्थित अभियुक्तों के एक hide out फ्लैट से घटना में शामिल एक मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर मौके पर मौजूद 03- 04 अन्य संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस द्वारा हिरासत में लिए लोगों को गोपनीय स्थान पर ले जाकर उनसे पूछताछ की जा रही है। प्रारम्भिक पूछताछ में घटना के लिए फंडिंग करने वाले कई अन्य व्यक्तियों के नाम प्रकाश में आये है तथा गैंग के सदस्यों के टेलीग्राम, वर्चुअल नंबर्स, इंटरनेशनल नंबर्स, सिग्नल आदि के माध्यम से आपस मे संपर्क में रहने की जानकारी मिली है।
हिरासत में लिए व्यक्तियों की रायगंज पश्चिम बंगाल में दिनांक 14/4/23 को रिलायंस ज्वैलरी शोरूम में हुई 30 करोड़ रु0 कीमत की ज्वैलरी डकैती की घटना में भी अहम भूमिका थी।पश्चिम बंगाल पुलिस उक्त घटना के अभियुक्तों की पहचान हेतु प्रयासरत थी उत्तराखंड पुलिस द्वारा पश्चिम बंगाल पुलिस को उनकी घटना में शामिल संदिग्ध के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी जा रही है। हिरासत में लिए व्यक्तियों से गोपनीय स्थान पर विस्तृत पूछताछ जारी है।