पहाड़ का सच,हल्द्वानी।
जनपद नैनीताल के बिंदुखत्ता के भारतीय सेना के सिग्नल रेजीमेंट में तैनात सूबेदार हीरा सिंह कोरंगा का हृदय गति रुकने से निधन हो गया। बताया जा रहा है कि सेना का जवान छुट्टी पर घर आया था। जहां उनका निधन हो गया। प्रथम दृष्टया मौत का कारण हृदय गति रुकना बताया जा रहा है। हीरा सिंह के दो छोटे बच्चे हैं।
जानकारी के मुताबिक, लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के इंदिरा नगर प्रथम बिंदुखत्ता निवासी भारतीय सेना में सिग्नल रेजीमेंट में सेवारत हीरा सिंह पुत्र हयात सिंह कोरंगा (उम्र 40 वर्ष) एक महीने की छुट्टी में घर आए थे। देर रात अचानक सीने में तेज दर्द हुआ। जब तक परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचते तब तक हीरा सिंह ने दम तोड़ दिया।ब ताया जा रहा है कि हीरा सिंह 3 दिन बाद अपनी छुट्टी पूरी कर वापस ड्यूटी में असम जाने वाला था, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया। हीरा सिंह के निधन से परिवार में कोहराम मचा हुआ है. हीरा का भाई भी भारतीय सेना में है। जबकि पिता भी पूर्व सैनिक हैं।
बताया जा रहा है कि हीरा सिंह कुछ महीने बाद सेवानिवृत्त होने वाले थे। लेकिन इससे पहले ही वो दुनिया छोड़ कर चले गए। सूबेदार हीरा सिंह कोरंगा का आज सैनिक सम्मान के साथ रानीबाग स्थित चित्र शीला घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।