नई दिल्ली। राहुल गांधी ने शनिवार को 12, तुगलक लेन बंगला लोकसभा सचिवालय को सौंप दिया है। मानहानि के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद सांसद के रूप में अयोग्य घोषित किए गए कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को अपने आधिकारिक आवास से अपना सारा सामान ले गए थे। बाकी बचा सामान शनिवार को ले जाया गया। बंगला खाली करने के बाद राहुल ने कहा, “हिंदुस्तान के लोगों ने मुझे 19 साल तक यह घर दिया, मैं उनका शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। यह सच बोलने की कीमत है। मैं सच बोलने के लिए कोई भी कीमत चुकाने को तैयार हूं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और के सी वेणुगोपाल की मौजूदगी में तुगलक लेन स्थित अपना सरकारी बंगला सौंप दिया हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष को “मोदी उपनाम” से संबंधित मामले में टिप्पणी को लेकर दो साल की सजा सुनाई गई थी। सासंद के रूप में अयोग्य घोषित किए जाने के बाद उनसे 22 अप्रैल तक परिसर खाली करने के लिए कहा गया था। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने 14 अप्रैल को अपने ऑफिस और कुछ निजी सामान को बंगले से दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया था।
सूरत की एक अदालत ने 23 मार्च को गांधी को मानहानि का दोषी ठहराया था और उन्हें दो साल की सजा सुनाई थी, जिसके बाद वह सांसद के रूप में अयोग्य घोषित किए गए थे। उन्होंने सूरत की सत्र अदालत में मजिस्ट्रेट अदालत के आदेश को चुनौती दी थी, जिसने सजा को रद्द करने की उनकी अपील को खारिज कर दिया था।